PM मोदी के लेख में कांग्रेस पर निशाना, इमरजेंसी से OBC आरक्षण तक जानिए संविधान दिवस की 10 बड़ी बातें

KNEWS DESK- संविधान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशेष लेख लिखकर भारतीय संविधान की ऐतिहासिक यात्रा, सामाजिक-आर्थिक न्याय और संविधान में हुए महत्वपूर्ण संशोधनों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही युवाओं से संविधान के मूल्यों को अपनाकर 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

संविधान सिर्फ कानूनी दस्तावेज नहीं, सामाजिक न्याय की गारंटी

पीएम मोदी ने अपने लेख में कहा कि भारतीय संविधान सिर्फ एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि सामाजिक और आर्थिक न्याय की गारंटी भी है। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश में ऐसी व्यवस्था बनाई, जिसमें किसी व्यक्ति के जन्म की परिस्थितियां उसके भविष्य की सीमाएं तय नहीं करतीं। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि वह ऐसे परिवार में पले-बढ़े, जिसके पास जन्म से कोई विशेष अधिकार नहीं थे, लेकिन संविधान ने उन्हें दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने का अवसर दिया।

गरीबी से बाहर निकलने और कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र

प्रधानमंत्री ने सामाजिक और आर्थिक न्याय के वादे को जमीनी स्तर पर लागू होने का दावा करते हुए वर्ल्ड बैंक की उस रिपोर्ट का जिक्र किया, जिसमें 50 करोड़ भारतीयों के गरीबी से बाहर निकलने की बात कही गई है। उन्होंने PM आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, MUDRA, PM स्वनिधि और UPI जैसी योजनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि संविधान का न्याय का वादा आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन में अवसरों में बदल रहा है।

NDA सरकार के तीन संविधान संशोधनों का उल्लेख

पीएम मोदी ने NDA सरकार के कार्यकाल में हुए तीन महत्वपूर्ण संविधान संशोधनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 101वें संशोधन से GST की शुरुआत हुई, 102वें संशोधन से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला और 103वें संशोधन से EWS आरक्षण का प्रावधान किया गया। उनके मुताबिक इन संशोधनों ने लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा किया और संविधान को मजबूत किया।

कांग्रेस पर संविधान के दुरुपयोग का आरोप

पीएम मोदी ने अपने लेख में कांग्रेस पर संविधान के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने पहले संविधान संशोधन और आपातकाल का जिक्र करते हुए ‘पावर-हंग्री’ नेतृत्व की आलोचना की। उन्होंने 38वें, 39वें और 42वें संविधान संशोधनों का उल्लेख करते हुए युवाओं से इन्हें पढ़ने की अपील की। पीएम ने आर्टिकल 356 के इस्तेमाल को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि चुनी हुई राज्य सरकारों को हटाने के लिए इसका कई बार गलत इस्तेमाल किया गया।

अनुच्छेद 370 और 35A का भी जिक्र

प्रधानमंत्री ने 2019 में अनुच्छेद 370 और 35A में किए गए बदलावों को भी संविधान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे SC, ST, OBC और महिलाओं को अधिकार मिलने का रास्ता मजबूत हुआ। उन्होंने नक्सलवाद के खत्म होने का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे गरीब और पिछड़े क्षेत्रों के लोगों को बिना डर अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने का अवसर मिला है।

OBC आरक्षण और मुस्लिम रिजर्वेशन को लेकर विपक्ष पर हमला

पीएम मोदी ने लेख में विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी पर OBC आरक्षण कम करके मुस्लिम रिजर्वेशन लाने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं, विशेषकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, इसके खिलाफ थे।

महिला आरक्षण और विपक्ष पर निशाना

प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माण में योगदान देने वाली महिलाओं को याद किया और महिला आरक्षण को लेकर अपना वादा दोहराया। उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य विपक्षी पार्टी ‘विरोध पक्ष’ से ज्यादा ‘अवरोध पक्ष’ बन गई है।

‘इंडिया फर्स्ट’ और कर्तव्य का मंत्र

लेख के अंत में पीएम मोदी ने युवाओं से 2047 तक विकसित भारत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने दो सिद्धांतों पर जोर दिया—सोच में ‘इंडिया फर्स्ट’ और काम में ‘कर्तव्य’। पीएम ने कहा कि संविधान को ताकत का स्रोत मानकर इन सिद्धांतों के साथ आगे बढ़ने से आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *