Baleno को पीछे छोड़ बनी नंबर-1, Maruti Fronx ने पार किया 6 लाख बिक्री का आंकड़ा

Knews Desk– Maruti Fronx ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रियता का एक और बड़ा मुकाम हासिल किया है। अप्रैल 2023 में लॉन्च हुई इस SUV ने घरेलू बाजार में 6 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। खास बात यह है कि चालू कारोबारी साल में Fronx ने मारुति की ही लोकप्रिय कार Baleno को बिक्री के मामले में पीछे छोड़ दिया है। इसकी कीमत 6.90 लाख रुपये से शुरू होती है।

लॉन्च के बाद तेजी से बढ़ी बिक्री

Maruti Fronx ने बाजार में उतरने के बाद से बिक्री के कई बड़े आंकड़े हासिल किए हैं। लॉन्च के महज 10 महीने के भीतर कंपनी ने इसकी 1 लाख यूनिट बेच दी थीं। इसके बाद 17 महीने में बिक्री 2 लाख और करीब 23 महीने में 3 लाख यूनिट के पार पहुंच गई।

लॉन्च के 33 महीने बाद Fronx ने 4 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार किया। मई 2026 की शुरुआत में इसकी कुल बिक्री 5 लाख यूनिट से ज्यादा हो गई थी। अब घरेलू बाजार में इसकी बिक्री 6 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। यानी कंपनी ने आखिरी 1 लाख गाड़ियां करीब पांच महीने में बेची हैं।

Baleno को भी बिक्री में छोड़ा पीछे

चालू कारोबारी साल में Fronx ने बिक्री के मामले में Baleno को पीछे कर दिया है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच Fronx की कुल 1,30,149 यूनिट्स बिकीं। पिछले साल इसी अवधि में इसकी 93,808 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। इस तरह इसकी बिक्री में करीब 39 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

वहीं, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच Maruti Baleno की 1,29,488 यूनिट्स बिकीं। इस तरह Fronx ने Baleno को 661 गाड़ियों से पीछे छोड़ दिया। हालांकि, कारोबारी साल 2025-26 में Baleno 1,72,560 यूनिट बिक्री के साथ Nexa की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही थी। उस दौरान Fronx की 1,72,363 यूनिट्स बिकी थीं और वह दूसरे नंबर पर रही थी।

विदेशों में भी बढ़ रही Fronx की मांग

Maruti Fronx की मांग सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। कंपनी अब तक इसकी 2.20 लाख से ज्यादा यूनिट्स दूसरे देशों में एक्सपोर्ट कर चुकी है। अक्टूबर 2026 में Fronx की 20,014 यूनिट्स बिकीं। यह चौथा मौका है जब एक महीने में इसकी बिक्री 20 हजार यूनिट के पार पहुंची है।

मौजूदा बिक्री रफ्तार को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक Fronx की बिक्री 2.25 लाख यूनिट तक पहुंच सकती है। अगर ऐसा होता है तो पहली बार किसी एक कारोबारी साल में इसकी 2 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिकेंगी।

Fronx की कीमत और इंजन ऑप्शन

Maruti Fronx की एक्स-शोरूम कीमत 6.90 लाख रुपये से शुरू होकर 11.89 लाख रुपये तक जाती है। यह Sigma, Delta, Delta+, Zeta और Alpha समेत पांच वेरिएंट में उपलब्ध है।

इसमें 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 90hp की पावर देता है। इसके अलावा 1.2-लीटर CNG इंजन 77.5hp और 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 100hp की पावर के साथ आता है।

गियरबॉक्स के भी कई विकल्प

पेट्रोल इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल और AMT गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। CNG मॉडल में मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है। वहीं, टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *