विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने पंजाब में संगठन और चुनावी रणनीति को मजबूत करने के लिए AAP से आए राज्यसभा सांसदों को अलग-अलग मोर्चों पर उतारा है। राघव चड्ढा को चुनाव प्रबंधन से जुड़े काम, जबकि स्वाति मालीवाल को पंजाब की महिलाओं के बीच पार्टी का आधार मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है।
Kenws Desk – पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने आम आदमी पार्टी से बीजेपी में शामिल हुए राज्यसभा सांसदों को चुनावी मैदान में सक्रिय कर दिया है। पार्टी ने AAP छोड़कर बीजेपी में आए सात सांसदों को पंजाब चुनाव के लिए अहम जिम्मेदारियां देने का फैसला किया है।
इन सांसदों को पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से अपनी पसंद की सीटें चुनने को कहा गया है। इन लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों पर बीजेपी और उसके सहयोगियों की जीत के लिए चुनावी रणनीति तैयार करने और उसे लागू करने की जिम्मेदारी इन सांसदों को दी जाएगी।
बीजेपी की रणनीति में एक तरफ AAP के मौजूदा विधायकों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश शामिल है, वहीं दूसरी तरफ AAP से आए सांसदों के राजनीतिक अनुभव और स्थानीय संपर्कों का इस्तेमाल चुनावी जमीन मजबूत करने के लिए किया जा रहा है।
संदीप पाठक को संगठन और उम्मीदवारों की तलाश का जिम्मा
इसी साल अप्रैल में AAP के सात राज्यसभा सांसद बीजेपी में शामिल हुए थे। इनमें राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, अशोक कुमार मित्तल, विक्रमजीत साहनी और राजिंदर गुप्ता शामिल हैं। स्वाति मालीवाल दिल्ली से राज्यसभा सांसद हैं, जबकि बाकी छह सांसद पंजाब से आते हैं।
संदीप पाठक को बीजेपी पहले ही राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दे चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव में AAP के राष्ट्रीय संगठन मंत्री के तौर पर उम्मीदवारों के चयन में उनकी अहम भूमिका रही थी। मौजूदा AAP विधायकों के साथ उनके संपर्कों को देखते हुए बीजेपी उनका इस्तेमाल नए नेताओं को पार्टी में शामिल कराने और संभावित उम्मीदवारों की तलाश के लिए कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, संभावित उम्मीदवारों की पहचान के लिए संदीप पाठक सर्वे भी करा रहे हैं।
राघव चड्ढा और हरभजन सिंह चुनाव प्रचार में उतरेंगे
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी राघव चड्ढा और हरभजन सिंह को चुनाव प्रचार में सक्रिय करने की तैयारी कर रही है। वहीं अशोक कुमार मित्तल, राजिंदर गुप्ता और विक्रमजीत साहनी को चुनाव प्रबंधन से जुड़ी अहम जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
बीजेपी ने इन सांसदों को चुनाव से जुड़ी विभिन्न समितियों में भी शामिल किया है। राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और राजिंदर गुप्ता को घोषणापत्र समिति में जगह दी गई है। वहीं संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल और विक्रमजीत साहनी को चार्जशीट समिति में जिम्मेदारी दी गई है।
दूसरी पार्टियों के नेताओं को बीजेपी में शामिल कराने के लिए बनाई गई ज्वाइनिंग समिति में भी संदीप पाठक को शामिल किया गया है।
लोकसभा क्षेत्रों के हिसाब से बांटी गई जिम्मेदारी
सूत्रों के मुताबिक, अशोक मित्तल को जालंधर, लुधियाना और होशियारपुर लोकसभा क्षेत्रों के तहत आने वाली 14 हिंदू बहुल विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी दी गई है। राजिंदर गुप्ता को लुधियाना लोकसभा क्षेत्र की बाकी विधानसभा सीटों पर काम करने को कहा गया है।
वहीं नोमिनेटेड सांसद सतनाम सिंह संधू को आनंदपुर लोकसभा सीट के तहत आने वाली 9 विधानसभा सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
इन सांसदों को अपनी जिम्मेदारी वाली विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रबंधन, बूथ मैनेजमेंट, प्रचार के प्रमुख मुद्दों की पहचान, सोशल मीडिया कैंपेन, प्रचार सामग्री और अन्य चुनावी संसाधनों की व्यवस्था जैसे काम देखने होंगे।
स्वाति मालीवाल को महिलाओं के बीच पार्टी का आधार मजबूत करने का जिम्मा
राघव चड्ढा को चुनाव प्रबंधन से जुड़े दूसरे महत्वपूर्ण काम सौंपे गए हैं। संदीप पाठक उम्मीदवारों की तलाश और AAP के मौजूदा विधायकों से संपर्क साधने में जुटे हैं।
वहीं स्वाति मालीवाल की जिम्मेदारी पंजाब की महिलाओं को बीजेपी के पक्ष में लाने की बताई गई है। यानी पार्टी अलग-अलग सांसदों की राजनीतिक पकड़ और अनुभव के आधार पर उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों और वर्गों में सक्रिय कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने इन सांसदों को यह संदेश दिया है कि उनके द्वारा चुनी गई विधानसभा सीटों पर पार्टी का प्रदर्शन आगे संगठन में उनकी भूमिका और जिम्मेदारी तय करने का आधार बनेगा।
पंजाब में बीजेपी की रणनीति अब केवल दूसरे दलों के नेताओं को अपने साथ जोड़ने तक सीमित नहीं दिख रही है। पार्टी AAP से आए सांसदों के पुराने राजनीतिक संपर्कों और अनुभव का इस्तेमाल भी चुनावी अभियान को मजबूत करने के लिए कर रही है।