Anant Singh Daughter Wedding: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी, हाथी पर सवार होकर समधी का करेंगे स्वागत

KNEWS DESK– बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को लेकर नदवां गांव में भव्य तैयारियां की गई हैं। शादी समारोह में देशभर से मेहमान पहुंच रहे हैं। चर्चा है कि अनंत सिंह हाथी पर सवार होकर अपने समधी का स्वागत करेंगे।

शादी में दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने के लिए पंजाब के लुधियाना से 20 से अधिक किन्नर भी पटना पहुंचे हैं। सभी एक गुरुद्वारे में ठहरे हुए हैं। उन्होंने गीत गाकर शिवांगी की शादी की शुभकामनाएं दीं। उनका कहना है कि शादी समारोह में शामिल होने और अनंत सिंह से मुलाकात करने के बाद ही वे पंजाब लौटेंगी।

समारोह में कई बड़े नेता और चर्चित हस्तियां भी पहुंच रही हैं। पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह हेलिकॉप्टर से नदवां पहुंचे, जबकि केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी शादी में शामिल होने पहुंचे। इसी दौरान गांव में घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इसके विजेता को थार गाड़ी इनाम में दी जाएगी।

शादी में करीब पांच लाख मेहमानों के लिए 150 तरह के पकवान और खास मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। मंडप की सजावट के लिए थाईलैंड से फूल मंगाए गए हैं। मेहमानों के लिए दो हजार से अधिक पानी के नल लगाए गए हैं। दोपहर 12 बजे तक एक लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की जानकारी सामने आई थी। सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन के साथ बड़ी संख्या में निजी सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं। नदवां गांव में शादी को लेकर उत्सव का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *