‘गठबंधन समय की कसौटी पर खुद को साबित किया’ अकाली दल की NDA में वापसी पर PM मोदी का बड़ा संदेश

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी NDA में वापस आने पर खुशी जताई है। पीएम मोदी ने कहा कि यह गठबंधन पंजाब और वहां के लोगों के कल्याण को सबसे ऊपर रखता है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी और सरदार प्रकाश सिंह बादल ने जिस गठबंधन को सींचा था, वह समय की कसौटी पर खरा उतरा है।

पीएम मोदी ने किया अकाली दल का स्वागत

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर अकाली दल की NDA परिवार में वापसी पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भरोसा जताया कि यह गठबंधन पंजाब में जनहितैषी शासन देगा और राज्य के लोगों की पहली पसंद बनेगा।

अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान

BJP और शिरोमणि अकाली दल ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन की घोषणा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दोनों दल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर गठबंधन सत्ता में आता है तो मुख्यमंत्री का पद अकाली दल के पास रहेगा। शाह ने कहा कि गठबंधन में जो दल बड़े भाई की भूमिका में होगा, मुख्यमंत्री पद भी उसी के पास रहेगा।

हिंदू-सिख एकता और नशे के खिलाफ लड़ाई पर जोर

अमित शाह ने कहा कि गठबंधन का फोकस पंजाब में नशीली दवाओं की समस्या को खत्म करने, किसानों के मुद्दों को सुलझाने और हिंदू-सिख एकता को बढ़ावा देने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दों और हिंदू-सिख एकता को लेकर BJP की प्रतिबद्धता अकाली दल के साथ आने से और मजबूत होगी।

सीट बंटवारे पर अभी मतभेद

गठबंधन के ऐलान के बावजूद सीटों की संख्या को लेकर दोनों दलों में मतभेद बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक BJP करीब 55 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि अकाली दल करीब 45 सीटें देने को तैयार है। दोनों दल 1996 से सितंबर 2020 तक गठबंधन में रहे थे। तब अकाली दल 94 और BJP 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी।

सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के विरोध के चलते अकाली दल ने BJP से गठबंधन तोड़ लिया था। अब करीब छह साल बाद दोनों दल फिर साथ आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *