Knews Desk– गांव की गलियों में चोरों का पीछा करते देसी स्पाइडर-मैन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक लाल कपड़े का मास्क पहनकर और देसी जुगाड़ वाले जाल की मदद से बाइक सवार चोरों को रोकता नजर आता है।
चाय पी रहा था युवक, तभी हुई वारदात
वायरल वीडियो की शुरुआत गांव के एक बाजार से होती है। एक युवक चाय की दुकान पर बैठकर चाय पी रहा होता है। इसी दौरान नीली साड़ी पहने एक बुजुर्ग महिला वहां से अपना थैला लेकर गुजरती हैं। तभी बाइक पर सवार दो युवक उनका थैला छीनकर भागने लगते हैं। महिला मदद के लिए आवाज लगाती हैं, लेकिन आसपास मौजूद लोग देखते रह जाते हैं।
चप्पल वाला बना देसी स्पाइडर-मैन
इसके बाद वीडियो में युवक अचानक एक्शन में आता है। वह चाय का गिलास रखकर लाल टी-शर्ट पहनता है और चेहरे पर सफेद आंखों वाला लाल कपड़े का मास्क बांध लेता है। इसके बाद वह हाथ में देसी जाल वाला हथियार लेकर चोरों के पीछे दौड़ पड़ता है।
वीडियो में वह कभी ठेले के बीच से तो कभी संकरी गलियों से गुजरते हुए चोरों का पीछा करता दिखाई देता है। आखिरकार वह चोरों की बाइक रोकने में कामयाब हो जाता है और महिला का थैला वापस ले लेता है।
अम्मा ने रोटी खिलाकर किया शुक्रिया
थैला वापस मिलने के बाद बुजुर्ग महिला भावुक हो जाती हैं। वीडियो में वह युवक को कोई बड़ा इनाम देने के बजाय अपने टिफिन से रोटी निकालकर खिलाती नजर आती हैं। इसके बाद युवक वापस अपनी चाय की दुकान पर चला जाता है, जैसे कुछ हुआ ही न हो।
वीडियो के पीछे कौन है?
इस वीडियो को सुजल जैसवार ने बनाया है। वह बेंगलुरु में रहते हैं और मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। सुजल ने AI और वीडियो क्रिएशन के जरिए ‘देसी बैटमैन’ सीरीज से शुरुआत की थी। इसके बाद देसी स्पाइडर-मैन, देसी आयरन मैन और कैप्टन इंडिया जैसे किरदारों को लेकर वीडियो बनाए गए।
वीडियो के अंत में ‘Iron Man will return in Desi Avengers’ लिखा दिखाई देता है। सोशल मीडिया यूजर्स इस देसी अंदाज को खूब पसंद कर रहे हैं और वीडियो पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।