IIT दिल्ली का AI इंजीनियरिंग प्रोग्राम लॉन्च, जानें योग्यता, फीस और आवेदन की पूरी डिटेल

KNEWS DESK– AI इंजीनियरिंग में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए IIT दिल्ली ने बड़ा अवसर दिया है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दिल्ली ने छह महीने के AI इंजीनियरिंग सर्टिफिकेट प्रोग्राम में एडमिशन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रोग्राम की खास बात यह है कि इसकी क्लासेस शनिवार और रविवार को आयोजित की जाएंगी, जिससे नौकरी या दूसरी एजुकेशनल डिग्री कर रहे उम्मीदवार भी इसमें शामिल हो सकेंगे।

छह महीने का होगा AI इंजीनियरिंग प्रोग्राम

IIT दिल्ली का यह प्रोग्राम ‘फॉरवर्ड डिप्लॉयड इंजीनियरिंग’ पर केंद्रित है। इसे IIT दिल्ली के फैकल्टी सदस्यों और इंडस्ट्री के सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स ने मिलकर तैयार किया है। प्रोग्राम के दौरान उम्मीदवारों को वास्तविक परिस्थितियों में AI तकनीक के इस्तेमाल और उसे डिप्लॉय करने की जानकारी दी जाएगी।

प्रोग्राम में रेगुलेटेड इंडस्ट्रीज में AI डिप्लॉयमेंट, सिक्योरिटी और रेगुलेटरी कंप्लायंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी ट्रेनिंग दी जाएगी। छह महीने का यह प्रोग्राम 6 फरवरी 2027 से 31 जुलाई 2027 तक आयोजित किया जाएगा। इसे सफलतापूर्वक पूरा करने वाले उम्मीदवारों को सर्टिफिकेट दिया जाएगा।

कौन कर सकता है आवेदन

IIT दिल्ली के AI इंजीनियरिंग प्रोग्राम के लिए ग्रेजुएट उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। पात्रता के तहत BTech, BE, BCA, MCA और BSc डिग्री वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा मैथ्स से BA और MA करने वाले उम्मीदवार भी इस प्रोग्राम के लिए पात्र हैं।

उम्मीदवारों के पास Python, Java या JavaScript में कोडिंग का अनुभव होना चाहिए। प्रोग्राम के दौरान मुख्य रूप से Python का इस्तेमाल किया जाएगा। IIT दिल्ली ने ऐसे उम्मीदवारों को सलाह दी है, जिन्हें Python की जानकारी नहीं है कि वे प्रोग्राम शुरू होने से पहले इसकी जानकारी हासिल कर लें।

इसके साथ ही Amazon Web Services, Microsoft Azure या Google Cloud Platform जैसे क्लाउड प्लेटफॉर्म की जानकारी भी उम्मीदवारों के लिए जरूरी बताई गई है।

AI एजेंट से लेकर MLOps तक सीखेंगे

प्रोग्राम में उम्मीदवारों को जटिल डेटा, वास्तविक उपयोगकर्ताओं और एंटरप्राइज की सीमाओं के बीच AI सिस्टम तैयार करने और उन्हें लागू करने की ट्रेनिंग दी जाएगी। उम्मीदवार AI एजेंट और ऑटोमेशन सिस्टम को डिजाइन और डिप्लॉय करना सीखेंगे।

इसके अलावा क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, वेक्टर डेटाबेस, सर्विंग फ्रेमवर्क और MLOps पाइपलाइन्स को स्वतंत्र रूप से डिप्लॉय करने की जानकारी भी दी जाएगी। प्रोग्राम में Prompt Injection और AI Hallucination जैसे जोखिमों से निपटने, व्यक्तिगत पहचान योग्य जानकारी यानी PII की सुरक्षा और क्लाइंट की जरूरतों को समझने पर भी फोकस रहेगा।

उम्मीदवार पायलट प्रोजेक्ट और प्रोडक्शन डिप्लॉयमेंट के बीच अंतर समझेंगे और तकनीकी समाधानों को CTO, CISO और बिजनेस लीडर्स की जरूरतों के अनुसार तैयार करना भी सीखेंगे।

29 जनवरी 2027 तक कर सकते हैं आवेदन

IIT दिल्ली के AI इंजीनियरिंग प्रोग्राम में एडमिशन के लिए योग्य उम्मीदवार 29 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क 1,180 रुपये निर्धारित किया गया है। इच्छुक उम्मीदवार IIT दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

यह प्रोग्राम खास तौर पर उन ग्रेजुएट्स और कामकाजी प्रोफेशनल्स के लिए उपयोगी हो सकता है, जो AI इंजीनियरिंग, AI डिप्लॉयमेंट और ऑटोमेशन के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता बढ़ाना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *