KNEWS DESK- नए साल 2027 से पहले Reliance Jio ने अपने प्रीपेड ग्राहकों के लिए Happy New Year 2.0 के तहत नए रिचार्ज प्लान लॉन्च किए हैं। कंपनी की नई रेंज में कम कीमत वाले 5G डेटा ऐड-ऑन से लेकर 28 दिन और 365 दिन की वैलिडिटी वाले अनलिमिटेड डेटा प्लान शामिल हैं।
Jio ने Happy New Year 2.0 के तहत ग्राहकों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई नए विकल्प पेश किए हैं। इनमें 15 रुपये और 25 रुपये के 5G डेटा ऐड-ऑन, 50 रुपये का नाइट डेटा पैक, 399 रुपये का 28 दिन वाला प्लान और 3,999 रुपये का सालाना प्लान शामिल है।
399 रुपये वाला प्लान
Jio का 399 रुपये वाला नया प्रीपेड प्लान 28 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है। इसमें अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा के साथ किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और रोजाना 100 SMS मिलते हैं। इस प्लान में ग्राहकों को 12 महीने का Canva Pro सब्सक्रिप्शन भी दिया जा रहा है। इसके अलावा JioHotstar Mobile, JioTV के जरिए हॉलीवुड कंटेंट और FanCode का एक्सेस मिलेगा। ग्राहकों को JioGames का मोबाइल सब्सक्रिप्शन और JioAICloud पर 50GB क्लाउड स्टोरेज की सुविधा भी मिलेगी। इसके साथ JustDial Lite, हाइपरलोकल कूपन और Digital Diary जैसी सुविधाएं भी प्लान में शामिल हैं।
3,999 रुपये का सालाना प्लान
बार-बार रिचार्ज से बचने वाले ग्राहकों के लिए Jio ने 3,999 रुपये का सालाना प्लान पेश किया है। इसमें 365 दिनों की वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा मिलेगा। प्लान में अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और रोजाना 100 SMS की सुविधा भी दी जा रही है। इसके अलावा 12 महीने का Canva Pro Lite सब्सक्रिप्शन, JioHotstar Mobile, JioTV पर हॉलीवुड कंटेंट और FanCode का एक्सेस मिलेगा। ग्राहकों को JioAICloud पर 50GB स्टोरेज भी दिया जाएगा।
15 और 25 रुपये में अनलिमिटेड 5G डेटा
कम समय के लिए ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए Jio ने 15 रुपये और 25 रुपये के दो 5G डेटा ऐड-ऑन पैक पेश किए हैं। 15 रुपये वाला पैक एक दिन और 25 रुपये वाला पैक दो दिन की वैलिडिटी के साथ आता है। दोनों पैक में अनलिमिटेड 5G डेटा दिया जाएगा। कंपनी के मुताबिक, इन पैक में डाउनलोड लिमिट, स्पीड थ्रॉटलिंग या इस्तेमाल को लेकर अलग से कोई रोक नहीं होगी।
50 रुपये का नाइट डेटा पैक
रात में ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए Jio ने 50 रुपये का नाइट डेटा पैक भी लॉन्च किया है। इस पैक की वैलिडिटी 28 दिनों की है और इसके तहत हर रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा मिलेगा। इस पैक की खास बात यह है कि रात के दौरान इस्तेमाल किया गया डेटा ग्राहक के रोजाना मिलने वाले डेटा बैलेंस से नहीं काटा जाएगा।
24 नवंबर से शुरू हुई उपलब्धता
Jio के 399 रुपये और 3,999 रुपये वाले नए प्लान 24 नवंबर से रिचार्ज के लिए उपलब्ध हो गए हैं। इसी दिन 25 रुपये वाला 5G ऐड-ऑन पैक भी उपलब्ध हो गया है। वहीं, 15 रुपये वाला पैक पहले से मौजूद है। 50 रुपये का नाइट डेटा पैक 26 नवंबर से रिचार्ज के लिए उपलब्ध होगा। इस तरह Jio Happy New Year 2.0 के तहत ग्राहकों को कम कीमत वाले डेटा ऐड-ऑन से लेकर पूरे साल चलने वाले प्लान तक कई विकल्प मिल रहे हैं।