Knews Desk– महाराष्ट्र में रैपिडो की बाइक-टैक्सी सेवा के विरोध में आज ऑटो रिक्शा, टैक्सी और कैब चालकों ने एक दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इस हड़ताल से मुंबई और ठाणे समेत राज्य के कई प्रमुख शहरों में परिवहन सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।
रैपिडो बाइक-टैक्सी के विरोध में हड़ताल
ऑटो-टैक्सी ट्रांसपोर्ट फेडरेशन ऑफ इंडिया और महाराष्ट्र रिक्शा पंचायत ने रैपिडो की बाइक-टैक्सी सेवा के विरोध में हड़ताल का आह्वान किया है। संगठनों का आरोप है कि रैपिडो बाइक-टैक्सी बिना जरूरी लाइसेंस, बैज और परमिट के व्यावसायिक रूप से यात्रियों को सेवा दे रही हैं। उनका कहना है कि इससे ऑटो, टैक्सी और कैब चालकों के रोजगार पर असर पड़ रहा है।
हालांकि, मुंबई के कुछ इलाकों में हड़ताल का ज्यादा असर फिलहाल दिखाई नहीं दे रहा है। कांदिवली, बोरीवली, मालाड, अंधेरी और बांद्रा में कई ऑटो रिक्शा सामान्य रूप से चलते नजर आए, जबकि कुछ चालकों ने अपने वाहन बंद रखे हैं।
ओला-उबर कैब चालक भी हो सकते हैं शामिल
हड़ताल में ओला और उबर से जुड़े बड़ी संख्या में कैब चालकों के भी शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। रविवार को मनसे परिवहन सेना और धड़क कामगार यूनियन समेत कई संगठनों ने आंदोलन को समर्थन दिया था।
संगठनों की क्या है मांग?
ऑटो रिक्शा संगठनों ने बिना आवश्यक अनुमति और दस्तावेजों के संचालित होने वाली रैपिडो बाइक-टैक्सी सेवाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संगठनों की ओर से राज्य के अलग-अलग जिलों में जिलाधिकारियों और परिवहन आयुक्त को ज्ञापन सौंपने की तैयारी है।
मनसे और विभिन्न ऑटो रिक्शा संगठनों ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में भी इस मुद्दे को उठाया। उनका कहना है कि रैपिडो के जरिए बाइक पर यात्रियों को लाने-ले जाने की सेवा आवश्यक अनुमति के बिना संचालित की जा रही है।