पुरानी रंजिश में बाप-बेटे की हत्या, घर के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र में यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर स्थित दादूपुर गांव में रविवार देर शाम डबल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। बाइक सवार हमलावरों ने घर के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मुख्तियार और उनके बेटे सुखजिंदर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस शुरुआती जांच में वारदात को पुरानी रंजिश और बदले की कार्रवाई से जोड़कर देख रही है।

Knews Desk – जानकारी के मुताबिक, रविवार देर शाम बाइक सवार कुछ हमलावर दादूपुर गांव पहुंचे और घर के गेट पर मुख्तियार और उनके बेटे सुखजिंदर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

करीब एक साल पुराने हत्याकांड से जुड़ी रंजिश

पुलिस की शुरुआती जांच में डबल मर्डर की वजह करीब एक साल पहले हुए मोनू हत्याकांड की रंजिश बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के भाई की हत्या के मामले में पीड़ित पक्ष के कुछ लोग जमानत पर थे। प्रथम दृष्टया दोनों हत्याओं को बदला लेने की कार्रवाई माना जा रहा है।

मामले में पुरकाजी थाने के एक हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर यूपी और उत्तराखंड दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतकों के आधार कार्ड, वोटर आईडी और बिजली बिल समेत कुछ दस्तावेज उत्तराखंड के पाए गए। दादूपुर गांव बॉर्डर के दोनों तरफ स्थित है।

इसके बावजूद पीड़ित परिवार ने मुजफ्फरनगर पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मुजफ्फरनगर के एसएसपी सूरज कुमार राय ने मौके पर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

चार टीमों का गठन, जल्द खुलासे का दावा

एसएसपी के मुताबिक, 22 नवंबर को डायल 112 के माध्यम से दादूपुर गांव में फायरिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद पुरकाजी थाना पुलिस, सीओ सदर और फील्ड यूनिट के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *