KNEWS DESK- मथुरा में हुई दो दिवसीय बैठक के बाद बीजेपी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 25 सूत्रीय एजेंडा तैयार किया है। पार्टी बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के साथ जातीय समीकरण, नाराज कार्यकर्ता, लाभार्थी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का डेटा जुटाएगी।
हर विधानसभा का तैयार होगा सामाजिक और राजनीतिक डेटा
बीजेपी के प्लान में हर विधानसभा क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों, सक्रिय महिलाओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की जानकारी जुटाने पर जोर है। हर विधानसभा में 100 सक्रिय महिलाओं और प्रत्येक मंडल से 25 सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जाएगी। हर बूथ से पांच सक्रिय और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का डेटा भी जुटाया जाएगा।
नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भी नजर
पार्टी नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं की पहचान कर उनसे संपर्क करेगी। दूसरे दलों के नाराज कार्यकर्ताओं, जीते-हारे ग्राम प्रधानों और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों का ब्योरा भी तैयार किया जाएगा। इसके साथ अलग-अलग जातियों की संख्या और उनके प्रमुख नेताओं की जानकारी जुटाने की योजना है।
हर बूथ पर 11 बाइकर्स की टीम
बीजेपी के एजेंडे में बूथ स्तर पर 11 मोटरसाइकिल सवार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की योजना है। ये कार्यकर्ता सप्ताह में एक बार मोटरसाइकिल यात्रा निकालेंगे। बूथ स्तर पर लाभार्थियों के घर जाकर संपर्क बढ़ाने और संवाद करने पर भी जोर दिया गया है।
50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का बनेगा डेटा
हर विधानसभा क्षेत्र से 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की सूची तैयार की जाएगी। पार्टी की योजना इन इन्फ्लुएंसर्स के जरिए सोशल मीडिया पर अपनी पहुंच बढ़ाने और सरकार व संगठन से जुड़े मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने की है।
सरकारी कर्मचारियों से लेकर कारोबारियों तक की जानकारी
बीजेपी के एजेंडे में सरकारी और निजी कर्मचारियों, शिक्षकों, पंचायत अधिकारियों, कारोबारियों, किसानों, ठेकेदारों, उद्योगपतियों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों का डेटा जुटाने की योजना भी शामिल है। प्रमुख खिलाड़ियों, गायकों और अन्य प्रभावशाली लोगों की पहचान भी की जाएगी।
दलित मतदाताओं और नए वोटरों पर फोकस
पार्टी अनुसूचित जाति और दलित मतदाताओं के बीच संपर्क बढ़ाने की भी तैयारी कर रही है। नए सदस्यों और नए मतदाताओं को जोड़ने के साथ बूथ स्तर पर सामाजिक संपर्क बढ़ाने की योजना बनाई गई है।
मथुरा बैठक के बाद तैयार यह 25 सूत्रीय एजेंडा बीजेपी के बूथ स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक माइक्रो मैनेजमेंट पर जोर को दिखाता है। पार्टी का लक्ष्य चुनाव से पहले संगठन और जनसंपर्क नेटवर्क को और मजबूत करना है।