KNEWS DESK- GTA 6 को लेकर दुनियाभर में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। इसी दीवानगी का फायदा अब साइबर ठग भी उठा रहे हैं। इंटरनेट पर फ्री GTA 6 डाउनलोड, सस्ते प्री-ऑर्डर और फ्री कोड देने के नाम पर कई फर्जी वेबसाइट सक्रिय हैं। इन वेबसाइटों के जरिए यूजर्स की निजी जानकारी चुराने और आर्थिक ठगी करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में गेम को फ्री में डाउनलोड करने की जल्दबाजी भारी पड़ सकती है।
भारत में गुरुवार को GTA 6 लॉन्च किए जाने के बाद गेम को लेकर लोगों की दिलचस्पी और बढ़ गई है। इसी बीच साइबर अपराधियों ने GTA 6 के नाम पर फर्जी डाउनलोड लिंक, मुफ्त गेम ऑफर और सस्ते प्री-ऑर्डर कोड का सहारा लेना शुरू कर दिया है। साइबर सुरक्षा कंपनियों Malwarebytes और Netcraft की जांच में ऐसे कई फर्जी ऑफर और वेबसाइट सामने आए हैं, जिनका मकसद यूजर्स की पर्सनल डिटेल्स हासिल करना और उन्हें ठगी का शिकार बनाना है।
जांच के मुताबिक, कुछ वेबसाइट GTA 6 का फ्री एक्सेस देने का दावा करती हैं। इसके लिए यूजर्स से Google अकाउंट के जरिए साइन इन करने या अलग-अलग टास्क पूरा करने को कहा जाता है। कुछ वेबसाइट फर्जी Google लॉगिन पेज भी दिखाती हैं। ऐसे पेज पर जानकारी दर्ज करने से यूजर के अकाउंट की डिटेल्स चोरी होने का खतरा रहता है। इसके अलावा फ्री कोड जनरेटर और गेम डाउनलोड के नाम पर भी लोगों को फंसाया जा रहा है।
GTA 6 के नाम पर फर्जी ऐप और डाउनलोड लिंक
Malwarebytes की जांच में GTA 6 से जुड़ी एक वेबसाइट पर एक संदिग्ध Android ऐप भी मिला। यह ऐप GTA 6 का मोबाइल वर्जन नहीं था, बल्कि विज्ञापन दिखाने के लिए तैयार किया गया था। कंपनी ने साफ किया कि Rockstar Games ने Android या iOS के लिए GTA 6 का कोई आधिकारिक वर्जन जारी नहीं किया है। वहीं Netcraft की जांच में एक वेबसाइट पर मौजूद डाउनलोड फाइल को VirusTotal के 68 एंटीवायरस प्रोग्राम में से 34 ने संदिग्ध पाया। इसे ट्रोजन के तौर पर पहचाना गया। इसी वेबसाइट के एक दूसरे लॉन्चर को 62 में से 18 सेफ्टी फीचर ने खतरे के रूप में पहचाना। इस लॉन्चर के जरिए यूजर्स से 100 डॉलर की क्रिप्टोकरेंसी भी मांगी गई।
सस्ते प्री-ऑर्डर के नाम पर भी जाल
साइबर ठग सिर्फ फ्री डाउनलोड के जरिए ही लोगों को निशाना नहीं बना रहे हैं। कुछ वेबसाइट GTA 6 के प्री-ऑर्डर कोड पर भारी छूट देने का दावा कर रही हैं। Malwarebytes को ऐसी ही एक वेबसाइट मिली, जहां गेम की कीमत 69.99 यूरो के बजाय 52.99 यूरो दिखाई गई। इस ऑफर को आगे बढ़ाने के लिए यूजर्स से ईमेल, गेमिंग प्लेटफॉर्म और रीजन जैसी जानकारी मांगी जा रही थी। वेबसाइट पर कार्ड, PayPal, बैंक ट्रांसफर और क्रिप्टोकरेंसी से भुगतान करने का विकल्प भी दिया गया था। हालांकि वेबसाइट नई और गुमनाम होने के कारण इस पर भरोसा करना जोखिम भरा था।
ऐसे बचें GTA 6 के नाम पर होने वाली ठगी से
यूजर्स को किसी भी अनजान वेबसाइट पर Google अकाउंट या गेमिंग अकाउंट की लॉगिन डिटेल्स शेयर नहीं करनी चाहिए। किसी भी डाउनलोड लिंक पर क्लिक करने से पहले वेबसाइट का पूरा URL ध्यान से जांचना जरूरी है। Android, iOS या PC के लिए मुफ्त GTA 6 डाउनलोड देने का दावा करने वाली अनजान वेबसाइटों से दूरी बनाकर रखें। गेम खरीदने से पहले रिटेलर और वेबसाइट की विश्वसनीयता को अच्छी तरह जांच लें। अगर किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक हो गया है, लेकिन आपने कोई जानकारी शेयर नहीं की और कोई फाइल डाउनलोड नहीं की, तो तुरंत उस वेबसाइट से बाहर निकल जाएं।
अगर आपने लॉगिन डिटेल्स शेयर कर दी हैं तो संबंधित आधिकारिक प्लेटफॉर्म से तुरंत पासवर्ड बदलें और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू करें। अगर कोई संदिग्ध फाइल डाउनलोड हो गई है तो उसे खोलने से बचें और डिवाइस की सुरक्षा जांच करें। वहीं अगर पेमेंट या बैंकिंग से जुड़ी जानकारी शेयर हो गई है तो बिना देरी किए अपने बैंक या संबंधित पेमेंट सर्विस से संपर्क करें।