KNEWS DESK– छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली सरकार ने श्रद्धालुओं को बड़ी राहत दी है। उषा अर्घ्य के लिए सोमवार, 16 नवंबर को दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य समय से पहले शुरू की जाएंगी। दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने ऐलान किया है कि इस दिन मेट्रो सुबह 4:30 बजे से चलेगी।
आमतौर पर दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह 6 बजे शुरू होती हैं, लेकिन छठ पूजा को देखते हुए समय में बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो का परिचालन सुबह 4:30 बजे शुरू होगा।
हर 15 मिनट पर मिलेगी मेट्रो
दिल्ली सरकार के इस फैसले से उन श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, जिन्हें उषा अर्घ्य के लिए सुबह-सुबह घाटों तक पहुंचना है। नियमित मेट्रो सेवाएं शुरू होने तक यात्रियों को हर 15 मिनट पर मेट्रो उपलब्ध रहेगी। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह के मुताबिक, छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में सुबह के समय सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता बढ़ाने के लिए मेट्रो का परिचालन तय समय से पहले शुरू करने का फैसला लिया गया है।
इस विशेष व्यवस्था के तहत 16 नवंबर की सुबह श्रद्धालु और अन्य यात्री सामान्य समय से करीब डेढ़ घंटे पहले मेट्रो सेवा का लाभ उठा सकेंगे। नियमित सेवाएं शुरू होने तक 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें चलती रहेंगी।