knews desk – समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा में पीडीए दलित सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग भाजपा को समर्थन कर रहे हैं, वो दलित के खिलाफ हैं। उन्होंने दावा किया कि दलित समाज इस बार भाजपा का हमेशा के लिए सफाया करने जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग कभी-कभी पीडीए की परिभाषा बदलते हैं, लेकिन दलित समाज से मिल रहे जनसमर्थन ने पीडीए के डी को दमदार दलित बना दिया है। उन्होंने कहा कि यह जनसमर्थन पीडीए आंदोलन की शुरुआत है और ऐसा लग रहा है कि आगरा में देश का दलित सम्मेलन हो रहा है। अखिलेश ने कहा कि इस बार दलित भाजपा का हमेशा-हमेशा के लिए सफाया करने जा रहा है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि रामजी तो रामजीलाल के नाम में है और लाल उनका रंग है। उन्होंने कहा कि भाजपा के फूल को उनके प्रत्याशी रामजीलाल सुमन हराने का काम करेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग कह रहे थे कि अंगद का पैर है, आगरा के इस दलित सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक जाएगी। जब जमीन ही नहीं होगी तो पैर कहां रखोगे।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर दलित उत्पीड़न का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से 10 साल में भेदभाव की सरकार चली है, उस पर कई बार आंकड़े दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ दिन पहले समाजवादी पार्टी ने प्रेस के सामने कहा था कि भाजपा सरकार में दलित समाज के साथ लगातार उत्पीड़न हुआ और NCRB के आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा दलित उत्पीड़न उत्तर प्रदेश में हुआ है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के 10 साल में प्रदेश में 151 बाबा साहब की मूर्तियां तोड़ी गईं और अब यह आंकड़ा 200 मूर्तियों तक पहुंच गया है। अखिलेश ने कहा कि ये केवल मूर्तियां नहीं तोड़ते, बल्कि सबसे पहले बाबा साहब के हाथ में जो संविधान की किताब है, उसे तोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि जिन प्रतिमाओं को तोड़ा गया है और जिन्होंने मूर्तियां तोड़ी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
सपा प्रमुख ने संविधान को लोकतंत्र और अधिकारों से जोड़ते हुए कहा कि संविधान है तो लोकतंत्र और हक-अधिकार है। जब संविधान बचेगा, तभी लोकतंत्र बचेगा। उन्होंने काशी और आगरा का जिक्र करते हुए कहा कि काशी में डबल इंजन डबल 00 पाया है और आगरा में प्रशासन ने समाजवादी प्रत्याशी को हराने की बहुत कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद जीत हुई क्योंकि लोगों का साथ मिला। उन्होंने कहा कि जो पीड़ित है, वही उनका पीडीए है।
अखिलेश यादव ने युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में युवा इनके खिलाफ है और Gen-Z तथा Gen Alpha ने इन्हें झुकाया और मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग परीक्षा लीक करा रहे हैं, क्योंकि इसके बाद नौकरी देनी पड़ेगी। अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा पेपर लीक या परीक्षा लीक हुई हैं और सरकार में बैठे लोग पेपर लीक करा रहे हैं।
उन्होंने कहा, इस बार लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग पीड़ितों से सहानुभूति तो रख सकते हैं, लेकिन उनके दुख-दर्द को महसूस नहीं कर सकते, क्योंकि न तो उनका कभी घर धुलवाया गया होगा। उन्होंने कहा कि SC/ST समाज को आगे बढ़ाने के लिए विशेष बजट का इंतजाम करना पड़ेगा तो समाजवादी पार्टी विशेष बजट जरूर लाएगी। इसी दौरान उन्होंने फिर कहा कि जो भाजपा के साथ हैं, वो दलित के खिलाफ हैं।
अखिलेश यादव ने प्रदेश में स्कूलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने 26 हजार प्राइमरी स्कूल बंद किए, जिससे सरकारी नौकरी भी खत्म हुई और टीचरों की नौकरी भी खत्म हुई। अखिलेश ने बिना नाम लिए कहा कि इन्होंने स्कूल बंद किए, लेकिन सबसे ज्यादा किस चीज की दुकान खोली। उन्होंने कहा कि अब उन दुकानों पर ये वनस्पति का काउंटर लगाएंगे।