ऑनलाइन डेटिंग एप के जरिए शुरू हुई दोस्ती जब प्यार में बदली तो कनाडा की 61 वर्षीय महिला शादी की उम्मीद लेकर हजारों किलोमीटर दूर राजस्थान के नीमराना पहुंच गई। करीब एक साल से पानीपत निवासी नितिन से उसकी बातचीत चल रही थी और दोनों के बीच शादी को लेकर सहमति बनी थी। लेकिन भारत पहुंचने के बाद कहानी ने अचानक करवट ले ली। युवक ने महिला की उम्र का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ा और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
Knews Desk – नीमराना थाना अधिकारी सुरेंद्र यादव के अनुसार, करीब एक साल पहले हरियाणा के पानीपत निवासी नितिन की मुलाकात डेटिंग एप के जरिए कनाडा की रहने वाली महिला से हुई थी। दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गई। दोनों के बीच प्यार हुआ और शादी करने पर सहमति भी बनी।
इसी भरोसे के साथ महिला टूरिस्ट वीजा पर 11 नवंबर को दिल्ली पहुंची। युवक खुद उसे लेने एयरपोर्ट पहुंचा और वहां से अपने मौसा-मौसी के फ्लैट पर नीमराना ले आया।
दो दिन साथ रहने के बाद शादी को लेकर बदला रुख
बताया जा रहा है कि महिला करीब दो दिन तक युवक के साथ सोसायटी में रही। इसी दौरान जब शादी की बात आगे बढ़ी तो युवक ने महिला की उम्र करीब 61 वर्ष होने का हवाला देते हुए शादी करने से इनकार कर दिया।
शादी की उम्मीद लेकर कनाडा से भारत आई महिला के लिए युवक का यह फैसला बड़ा झटका साबित हुआ। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और विवाद शुरू हो गया।
कनाडा दूतावास तक पहुंची शिकायत
विवाद बढ़ने के बाद महिला ने कनाडा दूतावास से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। दूतावास की ओर से सूचना मिलने के बाद नीमराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने लेकर आई।
पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू की है। पुलिस के अनुसार, नितिन पानीपत का रहने वाला है और एक निजी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस मामले ने ऑनलाइन डेटिंग और सोशल मीडिया के जरिए बनने वाले रिश्तों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ऑनलाइन बातचीत के दौरान रिश्ते और एक-दूसरे की तस्वीर अलग हो सकती है, जबकि आमने-सामने मिलने के बाद परिस्थितियां बदल सकती हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।