कानपुर में छठ महापर्व की तैयारियां तेज, पनकी नहर पर श्रद्धालु खुद संभाल रहे घाटों की सफाई और सजावट

KNEWS DESK- कानपुर में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 13 नवंबर से शुरू होने वाले चार दिवसीय महापर्व के मद्देनजर पनकी पावर हाउस नहर स्थित छठ पूजा घाट पर साफ-सफाई और सजावट का काम शुरू हो गया है। खास बात यह है कि घाटों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए पूर्वांचल समाज के श्रद्धालु खुद आगे आ रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग नहर किनारे पहुंचकर सफाई अभियान में जुटे हैं।

घाटों की सफाई में जुटे श्रद्धालु

श्रद्धालु अपने स्तर से घाटों पर जमा गंदगी और कचरे को हटाने के साथ ही पूजा स्थलों को व्यवस्थित कर रहे हैं। कहीं घाटों की सफाई की जा रही है तो कहीं पूजा के लिए वेदियां बनाई जा रही हैं। वेदियों पर रंग-रोगन के साथ आकर्षक डिजाइन तैयार किए जा रहे हैं।

घाटों को सुंदर रूप देने के लिए श्रद्धालु मिल-जुलकर काम कर रहे हैं। किसी के हाथ में झाड़ू है तो कोई वेदियों को रंगने और सजाने में जुटा है। श्रद्धालुओं का प्रयास है कि छठी मैया की पूजा और डूबते व उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाया जा सके।

छठ पूजा में स्वच्छता का विशेष महत्व

छठ पूजा में घाटों की स्वच्छता और पवित्रता का विशेष महत्व होता है। इसी को देखते हुए श्रद्धालु महापर्व से पहले ही व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुट गए हैं। पनकी नहर पर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत होगी। ऐसे में आने वाले दिनों में घाटों पर तैयारियां और तेज होने की उम्मीद है।

45 घाटों पर नगर निगम ने तेज की तैयारियां

कानपुर में छठ महापर्व को लेकर नगर निगम ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में छोटे-बड़े मिलाकर कुल 45 घाट हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर निगम की ओर से घाटों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं किए जाने का दावा किया गया है। पूजा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

रास्तों और पूजा स्थलों को भी किया जा रहा व्यवस्थित

घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई के साथ ही पूजा स्थलों को भी व्यवस्थित किया जा रहा है। खासतौर पर पनकी नहर सहित अन्य घाटों पर साफ-सफाई और सजावट का काम किया जा रहा है। श्रद्धालु भी घाटों को सुंदर बनाने में जुटे हुए हैं। छठ महापर्व के दौरान व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम की ओर से व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *