केरल हाईकोर्ट ने सबरीमाला तीर्थयात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए पानी के कियोस्क की खराब हालत पर नाराजगी जताई है। कोर्ट ने केरल वाटर अथॉरिटी यानी KWA को पूरे तीर्थयात्रा सीजन में साफ-सफाई, रखरखाव और बिजली सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Knews Desk – सबरीमाला मंदिर जाने वाले रास्ते पर श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए पानी के स्टॉल की बदहाल स्थिति को लेकर केरल हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत के सामने पेश की गई तस्वीरों में पानी की टोटियों के नीचे कचरा और गंदगी जमा दिखाई दी। स्टॉल की खराब हालत को देखते हुए कोर्ट ने KWA को तत्काल सफाई और जरूरी रखरखाव के निर्देश दिए।
जस्टिस राजा विजयराघवन वी और जस्टिस केवी जयकुमार की पीठ के सामने पानी के स्टॉल की तस्वीरें पेश की गई थीं। कोर्ट ने कहा कि श्रद्धालुओं को पीने का सुरक्षित पानी उपलब्ध कराने के लिए लगाए गए इंतजामों की ऐसी स्थिति स्वीकार नहीं की जा सकती।
हर स्टॉल की जिम्मेदारी तय करने का आदेश
हाईकोर्ट ने KWA से पूछा है कि पानी के स्टॉल को साफ रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित पानी उपलब्ध कराने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं। कोर्ट ने उन अधिकारियों और कर्मचारियों की जानकारी भी मांगी है, जिन्हें सन्निधानम में इन स्टॉल की देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है।
अदालत ने पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मी तैनात करने और समय-समय पर सभी स्टॉल की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सिर्फ स्टॉल लगाने या कभी-कभार निरीक्षण करने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होगी। पूरे तीर्थयात्रा सीजन में स्टॉल साफ और चालू हालत में रहने चाहिए।
पानी पीते समय श्रद्धालु को लगा था करंट
कोर्ट की चिंता सिर्फ गंदगी तक सीमित नहीं रही। सुनवाई के दौरान पिछले तीर्थयात्रा सीजन की उस घटना का भी जिक्र हुआ, जिसमें एक श्रद्धालु को पानी के स्टॉल से पानी पीने की कोशिश के दौरान करंट लग गया था। बताया गया कि वहां बिजली का एक तार खुला और चालू था।
इसके बाद हाईकोर्ट ने KWA को सभी पानी के स्टॉल की वायरिंग, बिजली कनेक्शन और दूसरे उपकरणों की पूरी जांच करने का निर्देश दिया। खुले या खराब तारों को तुरंत ठीक करने और जरूरी बिजली सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
2026-27 की तीर्थयात्रा से पहले व्यवस्था सुधारने पर जोर
हाईकोर्ट 2026-27 के मंडलकाल-मकरविलक्कू तीर्थयात्रा सीजन की तैयारियों से जुड़ी याचिका पर सुनवाई कर रहा था। यह मामला सबरीमाला के स्पेशल कमिश्नर की रिपोर्ट के आधार पर कोर्ट ने खुद शुरू किया था।
सुनवाई के दौरान एमिकस क्यूरी की ओर से पानी के स्टॉल की खराब हालत की तस्वीरें अदालत के सामने रखी गईं। इसके बाद कोर्ट ने KWA को सफाई, रखरखाव और बिजली सुरक्षा से जुड़े निर्देश दिए।
अदालत का जोर इस बात पर है कि पूरे तीर्थयात्रा सीजन में सबरीमाला आने वाले श्रद्धालुओं को साफ और सुरक्षित पेयजल मिले और पानी पीते समय किसी तरह का बिजली संबंधी खतरा न हो।