‘इमरजेंसी लगाने वाले आज लोकतंत्र पर ज्ञान दे रहे’, गाजियाबाद में सीएम योगी का कांग्रेस पर हमला

गाजियाबाद में बीजेपी की पदयात्रा के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

Knews Desk- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजियाबाद में बीजेपी की पदयात्रा निकाली। इसके बाद आयोजित जनसभा में उन्होंने कांग्रेस और सपा पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि आज कांग्रेस देश को लोकतंत्र का ज्ञान दे रही है, जबकि यही वह पार्टी है जिसने 1975 में देश में इमरजेंसी लगाई थी। उन्होंने इसे हास्यास्पद स्थिति बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का हर नागरिक लोकतंत्र के प्रति पूरी तरह जागरूक है और लोकतंत्र के रास्ते में आने वाली बाधाओं को मजबूती से तोड़ना जानता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी इस सच्चाई को स्वीकार नहीं करना चाहते। सीएम योगी ने चुनाव को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कांग्रेस और उसके सहयोगी चुनाव जीतते हैं तो इसे अपनी काबिलियत का प्रमाण बताते हैं, लेकिन हारने पर ईवीएम को जिम्मेदार ठहराते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश का विश्वास खो चुकी है और राहुल गांधी बार-बार फेल हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस शासन के दौरान हुए कथित घोटालों का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि कांग्रेस आज देशभर में अराजकता फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है, जबकि विपक्ष लगातार देश की संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रहा है। सीएम योगी ने कहा कि लोकतंत्र को लेकर विपक्ष की ओर से किए जा रहे दावों और उसके पुराने रिकॉर्ड के बीच बड़ा अंतर है। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के मुद्दे को उठाने का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *