गृह मंत्री ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। बोले- संसद को चलने दें, उचित बहस होने दें, देश की जनता खुद देख लेगी कि कौन सच बोल रहा है।
Knews Desk – मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन की ओर से आयोजित जन महाभियोग कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विपक्ष के कार्यक्रम को नकली संसद और मॉक पार्लियामेंट का नाटक करार दिया। अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार स्पेशल सेशन बुलाकर राहुल गांधी के साथ SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है। उन्होंने कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही नहीं चलने देने का भी आरोप लगाया।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा असंवैधानिक सरकारों और समानांतर संसदों का समर्थन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने नकली संसद बनाकर और बहस का ढोंग रचकर असली संसद का मजाक उड़ाया है। गृह मंत्री ने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और इसके लिए विशेष सत्र बुलाने को भी तैयार है।
उन्होंने कहा, “आपने संसद को ठप कर दिया है, एक तरह से आपने इसे बंधक बना लिया है। अब, संसद को काम करने दें और इसमें उचित बहस होने दें। तब देश की जनता खुद देख लेगी कि कौन सच बोल रहा है और कौन नहीं।” अमित शाह के इस बयान के बाद SIR और संसद की कार्यवाही को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है।
नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य महोत्सव के समापन समारोह में अमित शाह ने राज्य के विकास और नक्सलवाद के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना की थी। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को संवारने और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने का काम किया है।
अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ का नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना गर्व और उपलब्धि की बात है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत पर गर्व है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर नक्सलवाद का समर्थन करने का आरोप भी लगाया।
इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी को उनके डिबेट चैलेंज के 24 घंटे हो चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को किसी भी मंच पर बहस की चुनौती देते हुए कहा कि चर्चा में मीडिया और देश के युवाओं को भी शामिल किया जाए।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में विदेशी ताकतों से कथित संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि बहस में यह स्पष्ट होना चाहिए कि देशद्रोही कौन है और किसका किस तरह का संबंध है। इस तरह अमित शाह और राहुल गांधी के बयानों के बाद SIR, संसद की कार्यवाही और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को लेकर टकराव और तेज हो गया है।