Diwali Recipe: दिवाली पर घर में बनाएं दीये के आकार वाले शक्करपारे, जानें आसान रेसिपी

दिवाली पर इस बार मेहमानों का मुंह मीठा कराएं घर पर बने दीये के आकार वाले शक्करपारों से। मैदा, घी, चीनी और मेवों से तैयार होने वाली यह खास मिठाई स्वाद के साथ त्योहार की रौनक भी बढ़ा देगी।

KNEWS DESK- दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घरों में साफ-सफाई, सजावट और पकवानों की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। इस खास मौके पर लोग अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ खुशियां बांटते हैं और एक-दूसरे को मिठाइयां व उपहार देते हैं। ऐसे में अगर घर पर कुछ खास और स्वादिष्ट बनाया जाए, तो त्योहार का मजा दोगुना हो जाता है।

दिवाली पर शक्करपारे एक पसंदीदा पकवान हैं, लेकिन इस बार आप इन्हें साधारण आकार के बजाय दीये का आकार दे सकते हैं। चीनी की चाशनी, केसर, इलायची और मेवों से तैयार ये शक्करपारे दिखने में आकर्षक होने के साथ स्वाद में भी लाजवाब होंगे। आइए जानते हैं इन्हें घर पर बनाने की आसान रेसिपी।

दिवाली वाले दीये के आकार के शक्करपारे बनाने के लिए जरूरी सामग्री

इस रेसिपी से लगभग 20 शक्करपारे तैयार किए जा सकते हैं।

  • 250 ग्राम मैदा।
  • 75 ग्राम देसी घी।
  • 150 ग्राम चीनी।
  • 1 चम्मच कटी हुई मिली-जुली मेवा।
  • तलने के लिए जरूरत के अनुसार देसी घी या तेल।
  • केसर के कुछ धागे।
  • इलायची के दाने जरूरत के अनुसार।
  • आटा गूंथने के लिए जरूरत के अनुसार पानी।

घर पर कैसे बनाएं दीये के आकार वाले शक्करपारे?

सबसे पहले एक बर्तन में मैदा लें और उसमें देसी घी डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें। आटे को ढककर करीब 10 मिनट के लिए रख दें, ताकि यह अच्छी तरह सेट हो जाए।

इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और हाथों की मदद से उन्हें दीये का आकार दें। ध्यान रखें कि सभी दीयों का आकार लगभग एक जैसा हो, ताकि वे एक समान तरीके से तल सकें।

अब एक गहरी कड़ाही में घी या तेल गर्म करें। आंच धीमी रखें और तैयार दीयों को सावधानी से तलें। जब ये अच्छी तरह पककर सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं, तो इन्हें बाहर निकालकर उल्टा रख दें, जिससे अतिरिक्त घी या तेल निकल जाए।

इसके बाद चाशनी तैयार करने की बारी आती है। एक बर्तन में चीनी और आधा कप पानी डालकर गर्म करें। चीनी पूरी तरह घुलने तक इसे पकाएं। चाशनी की कुछ बूंदें पानी में डालकर जांच लें। जब चाशनी की बूंद पानी में जमने लगे, तो इसे तैयार माना जा सकता है। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें केसर के धागे और इलायची भी मिला सकते हैं।

अब तले हुए दीये के आकार वाले शक्करपारों को तैयार चाशनी में डालें और 2 से 3 मिनट तक डुबोकर रखें। इसके बाद इन्हें बाहर निकालकर प्लेट में सजा दें। ऊपर से कटी हुई मिली-जुली मेवा डालकर सजाएं।

इस तरह आपके दीवाली स्पेशल दीये के आकार वाले शक्करपारे तैयार हो जाएंगे। इस बार त्योहार पर घर आए मेहमानों को यह खास मिठाई परोसें और अपने हाथों से बने स्वादिष्ट पकवान के साथ दिवाली की खुशियां बांटें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *