बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री का वीडियो शेयर कर सपा प्रमुख ने जताई नाराजगी, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का लगाया आरोप।
Knews Desk – बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने धीरेंद्र शास्त्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें वह कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि भगवान श्रीराम के पांच पिता थे। इस वीडियो को लेकर अखिलेश यादव ने नाराजगी जताई और धीरेंद्र शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पहले भगवान श्रीकृष्ण के बारे में विवादित वीडियो सामने आया और अब भगवान श्रीराम के पिता को लेकर अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे लोग किसके कहने पर सक्रिय हैं। अखिलेश ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला मामला बताते हुए उनके कार्यक्रम रद्द करने की मांग की।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में भी धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के बाद अब भगवान श्रीराम को लेकर अपमानजनक बातें की जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश के लोग इस तरह के बयानों से दुखी हैं और वह ऐसे लोगों से सवाल करेंगे, जो उनके मुताबिक सनातन धर्म के नाम पर इस तरह की बातें कर रहे हैं।
इससे पहले धीरेंद्र शास्त्री भगवान श्रीकृष्ण को लेकर अपनी टिप्पणी के कारण भी विवादों में आ गए थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के स्वरूपों की तुलना करते हुए श्रीकृष्ण की मुद्रा और बांसुरी बजाने को लेकर टिप्पणी करते सुनाई दिए थे। इस बयान पर भी कई लोगों ने आपत्ति जताई थी।
विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा था कि उनके कहने का गलत अर्थ निकाला गया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण में भेद पैदा करना नहीं था और दोनों एक ही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बात या भाव से किसी को ठेस पहुंची हो तो वह क्षमा प्रार्थी हैं।
फिलहाल, धीरेंद्र शास्त्री के कथित बयान को लेकर राजनीतिक और धार्मिक हलकों में बहस तेज हो गई है।