28 सीटें, कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला! अमित शाह ने बैलेट बॉक्स पर कसा तंज

उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में विधान परिषद की 28 सीटों के चुनाव में कांग्रेस का खाता नहीं खुला। नतीजों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बैलेट बॉक्स के बहाने तंज कसा।

Knews Desk– विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला बोला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “कांग्रेस ने 28 में से कितनी सीटें जीतीं? 0। Ballot Box इस्तीफा दो।” उनकी पोस्ट में एक हैरान बैलेट बॉक्स का कार्टून भी दिखाया गया है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बैलेट पेपर से हुए चुनावों का जिक्र करते हुए कांग्रेस की जीत पर सवाल उठाया था।

वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी कि भविष्य के सभी लोकसभा और विधानसभा चुनाव बैलेट पेपर से कराने का वादा करें। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री का मानना है कि ईवीएम चुनाव नतीजों को प्रभावित नहीं करतीं, तो सरकार को इसे नीतिगत कदमों के जरिए साबित करना चाहिए।

चुनावी नतीजों की बात करें तो उत्तर प्रदेश की 11 सीटों में बीजेपी ने 6 और समाजवादी पार्टी ने 5 सीटें जीतीं। कर्नाटक में एनडीए ने चारों सीटों पर जीत दर्ज की। महाराष्ट्र की पांच सीटों में बीजेपी को दो और महा विकास अघाड़ी को दो सीटें मिलीं, जबकि एक सीट का नतीजा बाकी था।

बिहार में बीजेपी ने दो सीटें जीतीं, जबकि आरजेडी, जन सुराज, एक निर्दलीय उम्मीदवार और जेडीयू ने एक-एक सीट हासिल की। दो अन्य सीटों पर मतगणना जारी थी। इन नतीजों को लेकर बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा, जबकि कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *