पाकिस्तान की बीना और राजस्थान के भरतपुर के आकाश की प्रेम कहानी एक बार फिर चर्चा में है। आठ साल पहले इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती अब शादी के रिश्ते में बदल चुकी है। दुबई में हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने के बाद भारत पहुंचीं बीना ने पहली बार अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का निर्जला व्रत रखा।
Knews Desk– सरहदों के फासले और तमाम मुश्किलें भी दो दिलों को एक होने से नहीं रोक सकीं। पाकिस्तान के सिंध प्रांत के मीरपुर खास की रहने वाली 28 वर्षीय बीना रामनानी और राजस्थान के भरतपुर निवासी आकाश आसवानी की प्रेम कहानी इसकी मिसाल है। दोनों की मुलाकात करीब आठ साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने शादी करने का फैसला किया।
भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण परिस्थितियों और वीजा संबंधी दिक्कतों के कारण दोनों के लिए मिलना आसान नहीं था। ऐसे में 6 जून 2024 को दोनों ने ऑनलाइन वर्चुअल सगाई की। इसके बाद शादी के लिए उन्हें तीसरे देश का सहारा लेना पड़ा। तमाम कानूनी और कागजी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद 24 मई 2025 को बीना और आकाश ने दुबई में हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए।
शादी के बाद बीना को भारत आने के लिए वीजा मिलने का इंतजार करना पड़ा। आखिरकार फरवरी 2026 में उन्हें भारतीय वीजा मिला और वह अपने पति के घर भरतपुर पहुंचीं। पेशे से इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर बीना अब अपने नए जीवन और भारतीय परंपराओं को करीब से अनुभव कर रही हैं।
इस बार करवा चौथ उनके लिए बेहद खास रहा, क्योंकि उन्होंने पहली बार भारत में अपने पति आकाश के लिए निर्जला व्रत रखा। इस पर्व को लेकर उनके घर में पिछले एक सप्ताह से उत्सव जैसा माहौल है। बीना पाकिस्तान में रह रही अपनी बहनों और परिजनों को वीडियो कॉल के जरिए मेहंदी, पूजा की तैयारियां और इस खास दिन से जुड़ी रस्में दिखा रही हैं।
बीना के मुताबिक, करवा चौथ उनके लिए केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि प्यार और समर्पण का प्रतीक है। उनका मानना है कि पत्नियां पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं, लेकिन अगर पति भी अपनी पत्नी के साथ व्रत रखें, तो आपसी प्रेम और समर्पण का यह रिश्ता और खूबसूरत बन सकता है।