अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के 25 दिनों में दुनियाभर में 574.65 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। हालांकि, चौथे हफ्ते की कमाई के मामले में फिल्म अपने पिछले पार्ट ‘दृश्यम 2’ से पीछे रह गई। दोनों फिल्मों के कुल कलेक्शन और चौथे हफ्ते के आंकड़ों में दिलचस्प अंतर देखने को मिला है।
Knews Desk – सैकनिल्क के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ ने भारत में 443.15 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है, जबकि फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 369.95 करोड़ रुपये रहा। वहीं, ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने 131.50 करोड़ रुपये कमाए हैं। इस तरह फिल्म की दुनियाभर की कुल कमाई 574.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
फिल्म ने 62 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। पहले हफ्ते में इसने 245.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि दूसरे हफ्ते में 87.50 करोड़ रुपये और तीसरे हफ्ते में 28.85 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में लगी हुई है और इसकी कमाई जारी है।
‘दृश्यम 3’ के कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के मुकाबले ‘दृश्यम 2’ पीछे है। दूसरे पार्ट ने दुनियाभर में लाइफटाइम 342.31 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से 59.50 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि भारत में इसका नेट कलेक्शन 239.67 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 282.81 करोड़ रुपये रहा था।
चौथे हफ्ते की कमाई में ‘दृश्यम 2’ आगे
दोनों फिल्मों के चौथे हफ्ते के कलेक्शन की तुलना करें तो ‘दृश्यम 2’ ने बेहतर प्रदर्शन किया। ‘दृश्यम 3’ ने 22वें दिन 1.40 करोड़ रुपये, 23वें दिन 2.65 करोड़ रुपये, 24वें दिन 3 करोड़ रुपये और 25वें दिन 1.05 करोड़ रुपये कमाए।
वहीं, ‘दृश्यम 2’ ने 22वें दिन 3.10 करोड़ रुपये, 23वें दिन 5.37 करोड़ रुपये, 24वें दिन 7.27 करोड़ रुपये और 25वें दिन 1.89 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इस तरह चौथे हफ्ते के इन चार दिनों की कमाई में दूसरे पार्ट ने तीसरे पार्ट को पीछे छोड़ दिया।
दोनों फिल्मों का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। ‘दृश्यम 2’ में अजय देवगन, इशिता दत्ता, अक्षय खन्ना, मृणाल जाधव, श्रेया सरन और तब्बू जैसे कलाकार नजर आए थे।
वहीं, ‘दृश्यम 3’ में अजय देवगन, इशिता दत्ता, तब्बू और श्रेया सरन दिखाई दिए। तीसरे पार्ट में अक्षय खन्ना नहीं थे। उनकी जगह जयदीप अहलावत नजर आए।