रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ के साथ बॉक्स ऑफिस पर होने वाला मुकाबला अब टल गया है। अभिनेता-निर्देशक अंशुमन झा की फिल्म ‘लकड़बग्घा 2: द मंकी बिजनेस’ की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है। पहले यह फिल्म 6 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे 2027 में रिलीज करने की तैयारी है।
Knews Desk – अंशुमन झा की फिल्म ‘लकड़बग्घा 2: द मंकी बिजनेस’ में अंशुमन झा और सारा जेन डायस अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म पहले 6 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज होने वाली थी। वहीं, रणबीर कपूर और साई पल्लवी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज से करीब 10 दिन पहले मेकर्स ने ‘लकड़बग्घा 2’ को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। फिल्म की नई रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन मेकर्स इसे 2027 की शुरुआत में सिनेमाघरों में लाने की योजना बना रहे हैं।
7 नवंबर को बेल्जियम में होगा वर्ल्ड प्रीमियर
भारत में फिल्म की रिलीज टलने के बावजूद इसका वर्ल्ड प्रीमियर पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार 7 नवंबर को बेल्जियम के ‘रेजर रील फ़्लैंडर्स फ़िल्म फेस्टिवल’ में होगा। फिल्म को इस फेस्टिवल के आधिकारिक चयन में जगह मिली है।
फिल्म का निर्माण ‘फ़र्स्ट रे फ़िल्म्स’ ने किया है। बेल्जियम में होने वाले प्रीमियर को लेकर निर्माताओं ने उत्साह जताया है। उनका कहना है कि वे फिल्म के वर्ल्ड प्रीमियर को लेकर काफी उत्साहित हैं और अब इसे दुनियाभर में बड़े स्तर पर रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।
अंशुमन झा ने ‘लकड़बग्घा 2’ में अभिनय करने के साथ-साथ इसका निर्देशन भी किया है। फिल्म में सारा जेन डायस के अलावा सनी पैंग, डैन चुपोंग और आदिल हुसैन भी नजर आएंगे।
वहीं, दूसरे पार्ट की रिलीज से पहले मेकर्स ने ‘लकड़बग्घा’ के पहले भाग को भारत के चुनिंदा सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज करने का फैसला किया है। अब दर्शकों को दूसरे भाग के लिए 2027 तक इंतजार करना पड़ सकता है।