उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विधान परिषद चुनावों की मतगणना के बाद रुझान सामने आने लगे हैं। बिहार की तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सीट पर भाजपा के डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने 594 वोटों से जीत दर्ज की है, जबकि अन्य सीटों पर मतगणना जारी है।
Knews Desk – उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में हाल ही में संपन्न हुए विधान परिषद (MLC) चुनावों के लिए मतगणना जारी है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, इन चारों राज्यों की कुल 28 स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों पर चुनाव हुए हैं। इनमें से एक सीट का परिणाम घोषित हो चुका है, जबकि 27 सीटों पर मतों की गिनती जारी है।
बिहार विधान परिषद की तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने 594 वोटों से जीत हासिल की है। इस जीत के साथ बिहार में भाजपा ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की इस सीट पर अपना खाता खोल दिया है।
बिहार की राजधानी पटना में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के पहले राउंड में भाजपा उम्मीदवार नवल किशोर ने बढ़त बनाई। पहले राउंड की गिनती के बाद नवल किशोर को 1,273 वोट मिले, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उम्मीदवार को 1,271 वोट प्राप्त हुए। दोनों उम्मीदवारों के बीच महज दो वोटों का अंतर रहा।
कर्नाटक में बेंगलुरु शिक्षक MLC सीट पर तीसरे राउंड की मतगणना के बाद NDA उम्मीदवार एपी रंगनाथ आगे चल रहे हैं। उन्होंने तीसरे राउंड में भी अपनी बढ़त बनाए रखी है।
कर्नाटक में 23 अक्टूबर को चार सीटों पर मतदान हुआ था। इनमें साउथ-ईस्ट ग्रेजुएट्स, वेस्ट ग्रेजुएट्स, नॉर्थ-ईस्ट टीचर्स और बेंगलुरु टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। भाजपा ने साउथ-ईस्ट ग्रेजुएट्स, वेस्ट ग्रेजुएट्स और नॉर्थ-ईस्ट टीचर्स सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उसकी सहयोगी जनता दल (सेक्युलर) यानी JD(S) बेंगलुरु टीचर्स सीट पर चुनाव लड़ रही है।
साउथ-ईस्ट ग्रेजुएट्स सीट पर कांग्रेस के शशि हुलिकुंटे मठ का मुकाबला भाजपा के केएम सुरेश से है। वहीं, वेस्ट ग्रेजुएट्स सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार मोहन लिम्बिकई और मौजूदा भाजपा MLC एसवी संकनूर के बीच मुकाबला है।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव में भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव के एजेंटों के बीच नोकझोंक की खबर सामने आई। हालांकि, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया।
चारों राज्यों में मतगणना जारी रहने के कारण अलग-अलग सीटों पर उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। फिलहाल तिरहुत शिक्षक सीट का परिणाम घोषित हो चुका है, जबकि बाकी 27 सीटों पर मतगणना के बाद नतीजे सामने आएंगे।