KNEWS DESK- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए राजधानी में एक लाख स्मार्ट स्ट्रीट लाइट और 50 हजार नए CCTV कैमरे लगाने की योजना की जानकारी दी। मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में उन्होंने सेंटेनरी शैक्षणिक भवन, कंप्यूटर केंद्र और कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
महिला सुरक्षा के लिए स्मार्ट लाइट और CCTV
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट स्ट्रीट लाइट को कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे खराब लाइटों की पहचान कर उन्हें निर्धारित समय में ठीक कराने में मदद मिलेगी। साथ ही अंधेरे वाले स्थानों को कम करने और सार्वजनिक जगहों को सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जाएगा। राजधानी में 50 हजार नए CCTV कैमरे लगाने की योजना का उद्देश्य निगरानी व्यवस्था मजबूत करना है।
बेटियों को निडर होकर आगे बढ़ने का संदेश
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की हर बेटी निडर होकर आगे बढ़े, इसके लिए सरकार उसकी सुरक्षा, सम्मान और सपनों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल लड़कियों पर नहीं डाली जा सकती, बल्कि समाज को अपनी सोच बदलनी होगी। लड़कों और पुरुषों को महिलाओं का सम्मान करना सिखाना जरूरी है।
छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने की सलाह
दौलत राम कॉलेज की पूर्व छात्रा रहीं मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि कॉलेज छात्रसंघ की जनरल सेक्रेटरी बनने के साथ उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत हुई थी। उन्होंने छात्राओं से अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखने, तकनीकी ज्ञान हासिल करने और व्यावहारिक कौशल विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने आत्मरक्षा का प्रदर्शन भी किया। मुख्यमंत्री ने उनके साहस और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण संकट की स्थिति में मददगार साबित हो सकता है।
कॉलेज की सुविधाओं का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने कॉलेज परिसर में फैकल्टी रीडिंग रूम, सेमिनार रूम, पुस्तकालय में श्री रामालय, रीसाइक्लिंग यूनिट और बेकरी यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों और व्यावहारिक प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा ऑडिटोरियम के नवीनीकरण पर सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह, कॉलेज की प्राचार्या प्रो. सविता रॉय और अन्य शिक्षक व छात्राएं मौजूद रहीं।