मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने गरीब कल्याण, जनभागीदारी और राष्ट्रीय एकता को नए भारत की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश भी विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
Knews Desk – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व में भारत ने वैश्विक पटल पर अपनी आर्थिक शक्ति का नया अध्याय लिखा है। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी है। देश आत्मनिर्भरता, नवाचार और विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ नए भारत में लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भारत में नीति निर्माण के केंद्र में आम जनता है। गरीब कल्याण शासन की प्राथमिकता है, अंत्योदय आत्मनिर्भरता का आधार है और जनभागीदारी विकास को जनआंदोलन का रूप दे रही है। उनके मुताबिक, आस्था, अस्मिता और आत्मविश्वास से परिपूर्ण नए भारत में सामाजिक न्याय, नारी सशक्तीकरण, डिजिटल नवाचार और आर्थिक समृद्धि की संभावनाएं साकार हो रही हैं।
देश को अलगाववाद में झोंकने का षड्यंत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब दुनिया के कई हिस्से हिंसा और अस्थिरता से जूझ रहे हैं, तब भारत लोकतांत्रिक स्थिरता, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक चेतना के साथ लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संकीर्ण मानसिकता वाली राजनीतिक ताकतें सत्ता के स्वार्थ में देश को अस्थिरता, अराजकता और अलगाववाद की ओर धकेलने का षड्यंत्र रच रही हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि ऐसी ताकतें राष्ट्रीय हितों को ताक पर रखकर वैश्विक मंचों पर भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही हैं।
विकास के लक्ष्य के प्रति अडिग संकल्प
सीएम योगी ने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद भारत अपने विकास के लक्ष्य की ओर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस राष्ट्रीय यात्रा में उत्तर प्रदेश अपनी विशाल कृषि क्षमता, विस्तृत होते औद्योगिक आधार, आधुनिक बुनियादी ढांचे और युवा शक्ति के बल पर महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि कृषि से विनिर्माण तक और निवेश से रोजगार सृजन तक, उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में प्रगति को गति दे रहा है और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
‘राष्ट्रहित सर्वोपरि, विकास की गति अविराम’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डबल इंजन सरकार का संकल्प दोहराते हुए कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि रखना, राष्ट्रीय एकता को अक्षुण्ण बनाए रखना और विकास की गति को निरंतर जारी रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भारत की प्रगति का यह महायज्ञ लगातार जारी रहेगा।