गोरखपुर के रजही में प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग बुरी तरह झुलस गए। घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल भेजा गया है। हादसा उस समय हुआ, जब प्रतिमा को ट्रैक्टर-ट्रॉली से विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था।
Knews Desk- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रजही में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर प्रतिमा के साथ खड़े तीन लोगों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं, सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, जंगल अयोध्या प्रसाद में स्थापित प्रतिमा को विसर्जन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जाया जा रहा था। बिजली निगम की ओर से एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद कर रखी गई थी। विसर्जन जुलूस जब रजही चौराहे पर पहुंचा, तभी बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू हो गई।
इसके बाद ट्रॉली पर प्रतिमा के साथ खड़े लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। करंट लगने से तीन लोगों की जान चली गई, जबकि सात अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे ने बिजली आपूर्ति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।