टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में नया खुलासा, आरोपी ऋतिक के साथ रहने वाले दोनों युवक कौन?

टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस की जांच में एक और अहम पहलू सामने आया है। आरोपी ऋतिक मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित गिल्बर्ट हिल की जुहू गली में किराये के मकान में रहता था। उसके साथ दो अन्य युवक भी रहते थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ऋतिक पहले लंबे बाल रखता था, लेकिन बाद में उसने अपना सिर मुंडवा लिया था। अब पुलिस उसके साथ रहने वाले युवकों की पहचान और आरोपियों की गतिविधियों की जांच कर रही है।

Knews Desk – बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। मुंबई पुलिस अब अंधेरी वेस्ट के गिल्बर्ट हिल स्थित जुहू गली की उस संकरी बस्ती में भी जांच कर रही है, जहां आरोपी ऋतिक अपने साथियों के साथ किराये पर रहता था। टीवी9 भारतवर्ष की टीम जब इस इलाके में पहुंची, तो स्थानीय लोगों से आरोपियों के रहने और उनकी गतिविधियों को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आईं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, ऋतिक और उसके साथ रहने वाले दो युवक करीब तीन से चार महीने तक यहां किराये पर रहे थे। उनका मकान लगभग 50 फीट का छोटा-सा किराये का कमरा था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ऋतिक के साथ रहने वाले दोनों युवक रेहान और फूल सिंह ही थे या कोई अन्य व्यक्ति। फिलहाल स्थानीय निवासी इस बात की पुष्टि नहीं कर पाए हैं।

रैपिडो के लिए काम करने की बात कहते थे युवक

स्थानीय लोगों का कहना है कि किराये पर रहने वाले युवक खुद को गिग वर्कर बताते थे और रैपिडो के लिए काम करने की बात कहते थे। उन्हें बैटरी से चलने वाली मोटरसाइकिल पर भी देखा जाता था। आसपास के लोगों को उनकी गतिविधियों पर किसी तरह का संदेह नहीं हुआ था। हालांकि, अब टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में उनका नाम सामने आने के बाद पुलिस उनके संपर्कों और गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।

लंबे बाल रखता था ऋतिक, बाद में मुंडवा लिया सिर

स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी ऋतिक पहले लंबे और घने बाल रखता था, लेकिन बाद में उसने अपने बाल कटवा लिए थे और सिर मुंडवा लिया था। टीवी9 की टीम को स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि फायरिंग की घटना के बाद पिछले दो दिनों में मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें कई बार इस इलाके में पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और किरायेदारों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की।

पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आरोपी टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर किस तरह नजर रख रहे थे। बांद्रा, जुहू और अंधेरी वेस्ट समेत उन इलाकों में आरोपियों की आवाजाही की पड़ताल की जा रही है, जहां अभिनेता के घर, जिम या फुटबॉल खेलने से जुड़ी गतिविधियां हो सकती हैं। हालांकि, आरोपियों ने किन जगहों पर रेकी की और उनकी गतिविधियों का वास्तविक दायरा क्या था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

स्थानीय लोगों को नहीं थी कथित साजिश की जानकारी

इलाके के लोगों का कहना है कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनके आसपास किराये पर रहने वाले युवकों पर टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग करने का आरोप है। वे उन्हें आम युवक और रैपिडो से जुड़े गिग वर्कर समझते थे। पुलिस की पूछताछ के बाद ही स्थानीय लोगों को इस मामले में उनकी कथित भूमिका के बारे में जानकारी मिली।

अब मुंबई पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रेहान और फूल सिंह भी उसी मकान में रहते थे या नहीं। अगर वे वहां रहते थे, तो उनके ठहरने की अवधि, आपसी संपर्क और गतिविधियों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों को निर्देश किसने दिए, उन्हें आर्थिक मदद कहां से मिली और क्या इस वारदात में किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका थी।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित संबंधों और मुंबई में दूसरे संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों के संपर्कों और घटनाक्रम से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *