Knews Desk– दिल्ली में लगातार हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच कांग्रेस पार्टी ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने का ऐलान किया है। दिल्ली पुलिस ने रैली के लिए अनुमति देने के साथ एनओसी भी जारी कर दी है। इससे पहले राजधानी में प्रदर्शन स्थलों को लेकर जारी बदलावों के बीच रैली के आयोजन पर संशय बना हुआ था।
जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थलों की सूची से हटाए जाने के बाद कांग्रेस ने रामलीला मैदान में रैली की अनुमति मांगी थी। सेंट्रल डीसीपी राजबीर सिंह ने बताया कि रामलीला मैदान, सीबीडी ग्राउंड और बुराड़ी ग्राउंड को प्रदर्शन स्थलों के रूप में तय किया गया है। कांग्रेस ने मैदान की उपलब्धता जानने के लिए एमसीडी से संपर्क किया था। डीसीपी के मुताबिक, एमसीडी ने 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक मैदान उपलब्ध होने की जानकारी दी। इसके बाद कांग्रेस ने पुलिस से संपर्क किया। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एनओसी जारी की गई। उन्होंने यह भी कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत कोई अन्य पक्ष भी मैदान बुक करा सकता है।
कांग्रेस की प्रस्तावित रैली ऐसे समय हो रही है, जब देश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विवाद जारी है। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और INDIA गठबंधन की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। CJP लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रही है।
CJP ने दिल्ली के कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के कारण ये प्रयास सफल नहीं हो सके। ऐसे माहौल में कांग्रेस की रामलीला मैदान रैली पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।