AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा के ‘बांग्लादेश से प्रेरणा लेने’ वाले बयान पर विवाद के बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश कभी भारत नहीं हो सकता और भारत कभी बांग्लादेश नहीं हो सकता। साथ ही उन्होंने यात्राओं के दौरान विवाद के बजाय संवाद और समाज में जागरूकता पर जोर दिया।
Knews Desk – ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा का ‘बांग्लादेश से प्रेरणा लेने’ वाला बयान विवादों में है। इस मामले पर अब बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश कभी भारत नहीं हो सकता और भारत कभी बांग्लादेश नहीं हो सकता।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, “हम राजनीतिक लोगों पर या ऐसे लोगों पर कभी टिप्पणियां नहीं करते, लेकिन एक भारतीय नागरिक होने के नाते हम इतना कह सकते हैं कि बांग्लादेश कभी भारत नहीं हो सकता और भारत कभी बांग्लादेश नहीं हो सकता है। बाकी सबकी अपनी-अपनी राय है।”
‘समाज में सब तरह के लोग, कुछ मर्यादा लांघ जाते हैं’
Gen-Z की बयानबाजी और दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों को लेकर सवाल पूछे जाने पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि समाज में हर तरह के लोग होते हैं। कुछ लोग फ्रस्ट्रेशन और परिस्थितियों के कारण अपनी मर्यादा पार कर जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग किससे मार्गदर्शन ले रहे हैं, यह भी बहुत महत्वपूर्ण है।
‘यात्रा में विवाद नहीं, संवाद करें’
राजनीतिक दलों की यात्राओं और संविधान बचाने के लिए निकाली जा रही यात्रा में Gen-Z की भागीदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भारत में यात्राएं हमेशा से निकलती रही हैं। उन्होंने कहा कि यात्राओं के दौरान विवाद करने के बजाय संवाद करना चाहिए और उनसे विद्रोह या किसी के प्रति द्रोह की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए।
‘हम लोगों को बदलेंगे तो समाज बदलेगा’
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यात्राओं के माध्यम से जागरूकता फैलाई जा सकती है। लोगों को अपनी बात रखने का अधिकार है और वह भी अपनी बात रखते हैं, लेकिन किसी के प्रति विद्रोह नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि न सरकार के प्रति, न सरकार के लोगों के प्रति और न ही किसी व्यक्ति विशेष के प्रति विद्रोह होना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि बात पूरी कम्युनिटी की है। अगर लोग खुद को बदलेंगे, तो समाज बदलेगा और इसके बाद चीजें अपने आप बदलने लगेंगी।
दिल्ली में प्रदर्शन और ट्रेनों के रद्द होने से जुड़े सवाल पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि उनकी यात्रा अभी जारी है और इसका परिणाम बाद में सामने आएगा। उन्होंने कहा कि समय बीतने के साथ धीरे-धीरे परिणाम सामने आते हैं।