KNEWS DESK– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 और 12 दिसंबर 2026 को कनाडा के दौरे पर जाएंगे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत-कनाडा संबंधों को मजबूत करना और व्यापार, ऊर्जा, तकनीक व सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में कनाडा की यात्रा करेंगे। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इस दौरे की पुष्टि की है। ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने भी इसकी आधिकारिक जानकारी दी है। दोनों देशों के नेता व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भारत और कनाडा मिलकर अधिक स्थिर और समृद्ध दुनिया बनाने में योगदान दे रहे हैं। दोनों देशों को व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर बातचीत जल्द पूरी होने की उम्मीद है। इससे 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिल सकती है।
इससे पहले दोनों प्रधानमंत्रियों ने कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के नेतृत्व में भारत आए ‘टीम कनाडा ट्रेड मिशन’ का स्वागत किया। कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने भी नई दिल्ली में पीएम मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। बैठक में व्यापार, निवेश, सुरक्षा, ऊर्जा और तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
अनीता आनंद ने कहा कि भारत और कनाडा के पास मिलकर समृद्ध भविष्य बनाने की अपार संभावनाएं हैं। दिसंबर में होने वाले पीएम मोदी के दौरे से दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और आर्थिक सहयोग को नई गति देने पर नजर रहेगी।