CEC के मुद्दे पर देश की जनता गंभीर, विपक्ष एकजुट: मल्लिकार्जुन खरगे

KNEWS DESK- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने के लिए अपने आवास पर ‘INDIA’ गठबंधन के नेताओं के लिए चाय-पार्टी आयोजित की। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, संजय राउत, सुप्रिया सुले, तेजस्वी यादव और अन्य विपक्षी नेता शामिल हुए। बैठक में चुनाव आयोग, कथित ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद INDIA गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के मुद्दे पर देश की जनता बेहद गंभीर है और पूरा विपक्ष एकजुट है। टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर वोट चोरी कराने का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की। वहीं, वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने कहा कि प्रदर्शन करना विपक्ष का अधिकार है और इस आंदोलन में नागरिक समाज तथा किसान संगठन भी शामिल होंगे।

एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने कहा कि INDIA गठबंधन का आंदोलन जारी रहेगा। वामपंथी नेता डी. राजा ने भी सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग की। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर विरोध जारी रहेगा। समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने भी लोकतंत्र बचाने की लड़ाई जारी रखने की बात कही। उन्होंने 12 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन में लोगों की भागीदारी का उल्लेख किया। बैठक के जरिए विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर अपनी साझा रणनीति और विरोध जारी रखने के संकेत दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *