राहुल गांधी से तेजस्वी यादव तक, चुनाव आयोग के खिलाफ 11 विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की याचिका

Knews Desk– चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। राहुल गांधी इस याचिका के मुख्य याचिकाकर्ता हैं। याचिका में SIR के दौरान कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया गया है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जारी विवाद के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में सिविल रिट याचिका दाखिल की है। इस याचिका में कुल 11 विपक्षी नेता याचिकाकर्ता हैं। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, डी राजा, एम बेबी, महुआ मांझी, ईटी बशीर और तेजस्वी यादव समेत अन्य नेता शामिल हैं।

याचिका में भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त एसएस संधू तथा विवेक जोशी को प्रतिवादी बनाया गया है। सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट के अनुसार, यह याचिका एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड एस प्रसन्ना के माध्यम से दाखिल की गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, याचिका में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम काटे जाने और कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया गया है। इससे पहले राहुल गांधी ने मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत से मुलाकात के लिए समय मांगा था। हालांकि, मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें संबंधित मामले में याचिका के माध्यम से अदालत आने को कहा था। इस विषय से जुड़ी याचिकाएं पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं।

पहले दाखिल याचिकाओं में मुख्य चुनाव आयुक्त को मामले के निपटारे तक निलंबित करने, SIR और उससे संबंधित कार्रवाइयों को रद्द करने तथा पूरे मामले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में समिति गठित करने जैसी मांगें शामिल हैं।

इसके अलावा, याचिकाकर्ताओं ने इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी सबूत सुरक्षित रखने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों के अधिकार और आधार पर सवाल उठाने की मांग भी की है। इन मांगों पर अंतिम फैसला सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई और आदेश के बाद ही स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *