Knews Desk- जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) प्रशासन ने प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकॉइजम को यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़े मामले में नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। विश्वविद्यालय की कुलपति शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित ने 9 अक्टूबर 2026 को बर्खास्तगी का आदेश जारी किया, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
प्रोफेसर के खिलाफ कई विद्यार्थियों ने अनुचित व्यवहार और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इन शिकायतों की जांच के लिए विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति (ICC) ने प्रक्रिया शुरू की थी। समिति ने शिकायतकर्ताओं के बयान सुने, उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की और संबंधित प्रोफेसर को भी अपना पक्ष रखने का अवसर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में प्रोफेसर के खिलाफ पहली शिकायत सामने आई थी। इसके बाद सितंबर में 10 विद्यार्थियों ने ICC के समक्ष शिकायतें दर्ज कराईं। शिकायतों में कथित अनुचित व्यवहार, आपत्तिजनक टिप्पणियों और विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परिसर में स्थित अपने आवास पर बुलाने जैसे आरोप शामिल थे।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि प्रोफेसर का व्यवहार मर्यादित नहीं था और कक्षा के दौरान भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ICC ने जांच की और अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंप दी। रिपोर्ट के अनुसार, समिति ने अपनी जांच के आधार पर प्रोफेसर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की थी। इसी रिपोर्ट और सिफारिशों के आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने बर्खास्तगी का निर्णय लिया।