IIT मुंबई कैंपस में हादसा, गैस पाइप से रिसाव के बाद भड़की आग; 5 लोग झुलसे

Knews Desk- महाराष्ट्र के आईआईटी मुंबई परिसर के हॉस्टल में गैस रिसाव के कारण आग लग गई। हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

महाराष्ट्र के पवई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मुंबई के हॉस्टल नंबर छह में गुरुवार रात सिलेंडर की पाइप से गैस रिसाव के कारण आग लग गई। अधिकारियों के मुताबिक, घटना की सूचना रात करीब 10:25 बजे मिली। हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान अंश अहिरवार (12), तहजीब आलम (9), ईश्वर सिंह (37), शिवकुमार सिंह (34) और अनिल कुमार यादव (23) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिसकर्मी और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को शुरुआत में घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए चिंचपोकली स्थित कस्तूरबा अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जबकि ईश्वर सिंह को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती रखा गया है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, पांचों घायलों की हालत स्थिर है।

इसी बीच, मुंबई के मुलुंड ईस्ट स्थित टाटा कॉलोनी में गुरुवार को एक लेबर कैंप में भीषण आग लगने की घटना सामने आई। यह कैंप धारावी से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए बनाए जा रहे प्रोजेक्ट परिसर में G+1 ढांचे में स्थित है। आग लगते ही वहां रह रहे मजदूर जान बचाकर बाहर भागे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि आग के दौरान सात गैस सिलेंडर फट गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *