कोटा RTU में छात्र की संदिग्ध मौत पर बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Knews Desk- कोटा के राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय में बीटेक छात्र अक्षित शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद छात्रों ने प्रदर्शन किया। एम्बुलेंस में देरी का आरोप लगाते हुए छात्रों ने मुख्य गेट बंद कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और दो छात्रों को हिरासत में लिया।

राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (RTU) के हॉस्टल में बीटेक फर्स्ट ईयर के 19 वर्षीय छात्र अक्षित शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अक्षित जयपुर के झोटवाड़ा का रहने वाला था। बुधवार को उसने कैंपस में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान किया था और शाम को दोस्तों के साथ फुटबॉल भी खेला था।

गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे अलार्म बजने पर रूम पार्टनर ने अक्षित को जगाने की कोशिश की, लेकिन उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। उसका एक हाथ नीला पड़ा था। डिस्पेंसरी के डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रों ने हॉस्टल परिसर में जहरीले सांप निकलने का हवाला देते हुए स्नेक बाइट की आशंका जताई। हालांकि, कमरे की तलाशी में कोई सांप नहीं मिला। डॉक्टरों और विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने साइलेंट हार्ट अटैक या कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

छात्रों ने हॉस्टल प्रशासन पर एम्बुलेंस बुलाने में देरी और लापरवाही का आरोप लगाया। चीफ वार्डन डॉ. डीके यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही एम्बुलेंस बुलाने के निर्देश दिए गए थे। देरी की आशंका को देखते हुए ऑटो की भी व्यवस्था की गई थी। घटना से नाराज छात्रों ने मुख्य गेट बंद कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसमें कुछ छात्रों को चोटें आईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा के मुताबिक, वीसी के साथ बातचीत के बाद कुछ मांगों पर सहमति बनी और छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *