भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को सम्मानित करेगा इजरायल

Knews Desk- फ्लाईदुबई की उड़ान में बड़ी घटना को नाकाम करने में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को इजरायल सम्मानित करेगा। इजरायली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने उन्हें सिविल हीरोइज्म के लिए प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड देने की घोषणा की है। फिलहाल कैप्टन मच्छर अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।

भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को उनकी बहादुरी और पेशेवर कौशल के लिए इजरायल में सम्मानित किया जाएगा। इजरायली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने गुरुवार को घोषणा की कि उन्हें सिविल हीरोइज्म के लिए प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा। फ्लाईदुबई की उड़ान में बड़ी घटना को रोकने में उनकी भूमिका को देखते हुए यह सम्मान दिया जा रहा है। हर्जोग ने यरुशलम में छह इजरायली यात्रियों को पुरस्कार प्रदान करने के दौरान कैप्टन मच्छर का भी उल्लेख किया। उन्होंने उनके साहस और बहादुरी की सराहना करते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इजरायली राष्ट्रपति ने कहा कि जिन इजरायली नागरिकों को आज सम्मानित किया जा रहा है, उनके साथ वह भारत के कैप्टन स्मित मच्छर के जल्द ठीक होने की भी प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन मच्छर की बहादुरी, साहस और प्रोफेशनलिज्म ने बड़ी आपदा को रोकने में मदद की।

हर्जोग ने आगे कहा कि कैप्टन मच्छर के स्वस्थ होने के बाद उन्हें इजरायल की जनता की ओर से यह पुरस्कार प्रदान करना उनके लिए सम्मान की बात होगी। फिलहाल भारतीय पायलट अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। उनके स्वस्थ होने के बाद सम्मान दिए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *