टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल अब विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालने की तैयारी कर रहे हैं। मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने बताया कि जायसवाल रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए विकेटकीपिंग करते नजर आ सकते हैं। इसके अलावा भविष्य में वह भारतीय टीम के लिए भी विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका निभा सकते हैं।
Knews Desk– यशस्वी जायसवाल इस समय भारतीय टेस्ट टीम का अहम हिस्सा हैं, लेकिन टी20 टीम में उनकी जगह नहीं बन पा रही है। वहीं, वनडे टीम में रोहित शर्मा की मौजूदगी के कारण भी उन्हें जगह हासिल करने में मुश्किल हो रही है। ऐसे में अपने करियर के विकल्प बढ़ाने के लिए जायसवाल ने विकेटकीपिंग का अभ्यास शुरू किया है।
मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यशस्वी जायसवाल अभ्यास के दौरान विकेटकीपिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जायसवाल अपनी विकेटकीपिंग स्किल्स को विकसित कर रहे हैं और आने वाले समय में उन्हें मुंबई और भारत के लिए विकेटकीपिंग करते हुए देखा जा सकता है।
दरअसल, भारतीय टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाजों की भूमिका काफी अहम है। ईशान किशन, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी विकेटकीपिंग के साथ बल्लेबाजी की जिम्मेदारी भी निभाते हैं। ऐसे में यशस्वी जायसवाल भी अपनी बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग की अतिरिक्त स्किल विकसित कर टीम में अपने विकल्प बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
यशस्वी जायसवाल का फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड रहा है। वह मुंबई के लिए आगामी रणजी ट्रॉफी मुकाबले में खेल सकते हैं। न्यूजीलैंड दौरे से पहले यह मुकाबला उनके लिए अहम तैयारी का मौका भी होगा।
जायसवाल ने अब तक 53 रणजी ट्रॉफी मैचों में 54 की औसत से 4968 रन बनाए हैं। उनके नाम 17 शतक और 18 अर्धशतक दर्ज हैं। रणजी ट्रॉफी के पहले मुकाबले के बाद जायसवाल न्यूजीलैंड दौरे पर जाएंगे, जहां टेस्ट सीरीज से पहले वह इंडिया ए के लिए भी खेलेंगे। इंडिया ए को न्यूजीलैंड दौरे पर तीन अनाधिकारिक टेस्ट मैच खेलने हैं, जो भारतीय टीम की टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण होंगे।