बुलंदशहर में नाबालिग से गैंगरेप, नहर में फेंकने का आरोप; पुलिस ने 12 घंटे में दोनों आरोपियों को पकड़ा

Bulandshahr Crime News: पिता की मौत के बाद दादी और चाचा के साथ रही किशोरी को मां राजस्थान ले गई थी। पीड़िता का आरोप है कि वहां उसे बेचने की कोशिश की गई, जिसके बाद वह बुलंदशहर लौट आई। आरोप है कि परिचित दो युवकों ने सहारा देने के बहाने उसे अपने साथ ले जाकर गैंगरेप किया और विरोध करने पर नहर में धक्का दे दिया।

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में खुर्जा देहात थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप और उसे नहर में फेंकने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने लड़की को अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे नहर में धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर लड़की को नहर से सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने करीब 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 की सुबह डायल 112 पर सूचना मिली थी कि एक युवती नहर में डूब रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लड़की को नहर से बाहर निकाला। इसके बाद उसे मिशन शक्ति केंद्र भेजा गया। वहां लड़की ने पुलिस को बताया कि पूर्व से परिचित शफीक और भूरा ने उसके साथ गैंगरेप किया है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब वह करीब दो साल की थी, तभी उसके पिता की मौत हो गई थी। इसके करीब एक साल बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली और राजस्थान चली गई। इसके बाद लड़की लंबे समय तक अपनी दादी के साथ रही। पिछले साल दादी की मौत के बाद वह अपने चाचा के साथ रहने लगी। करीब डेढ़ महीने पहले उसकी मां उसे अपने साथ राजस्थान ले गई थी। लड़की का आरोप है कि राजस्थान में उसकी मां उसे बेचने की कोशिश कर रही थी। इसके बाद वह वहां से भागकर बुलंदशहर वापस आ गई और अपनी रिश्तेदार ताई के घर रहने लगी।

पुलिस के अनुसार, लड़की की रिश्तेदार ताई चारा काटने का काम करती हैं। शफीक और उसकी पत्नी भी वहां चारा लेने आते थे। इसी वजह से लड़की और शफीक के परिवार के बीच पहले से पहचान थी। आरोप है कि शफीक के कहने पर रिश्तेदार परिवार ने लड़की को करीब 10 दिन तक अपने पास रखा। इसके बाद शफीक ने अपने साथी भूरा के साथ मिलकर लड़की को बाइक से दिल्ली छोड़ने की बात कही और उसे अपने साथ ले गया।

आरोप है कि शफीक और भूरा लड़की को खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में नहर के पास ले गए। वहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़की के विरोध करने पर आरोपियों ने उसे नहर में धक्का दे दिया और वहां से फरार हो गए। नहर में डूब रही लड़की को समय रहते डायल 112 की टीम ने बचा लिया।

घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने एक आरोपी को 7 अक्टूबर की शाम गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी को देर रात हुई मुठभेड़ के बाद हिरासत में लिया गया।

एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पुलिस ने करीब 12 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है और न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में डायल 112 की टीम के सहचालक और कमांडर की त्वरित कार्रवाई महत्वपूर्ण रही। दोनों को 2,500-2,500 रुपये का नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में खुर्जा देहात थाना पुलिस की भी अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *