आगरा से दिल्ली तक CEC ज्ञानेश कुमार की बढ़ाई गई सुरक्षा

KNEWS DESK- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्र सरकार ने उनकी सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया है। दिल्ली स्थित उनके आवास, चुनाव आयोग मुख्यालय और व्यक्तिगत सुरक्षा में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।

सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार को पहले से ही उच्च स्तर की सुरक्षा प्राप्त है। हालिया सुरक्षा आकलन के बाद उनके सुरक्षा घेरे में अतिरिक्त जवान शामिल किए जा रहे हैं। चुनाव आयोग के मुख्यालय निर्वाचन सदन में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। परिसर के भीतर CISF की तैनाती बढ़ाई गई है, जबकि बाहर RAF, CRPF और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।

आगरा में पैतृक आवास पर भी बढ़ी सुरक्षा

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन दिल्ली तक सीमित नहीं रहे हैं। उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित उनके पैतृक आवास के बाहर भी प्रदर्शन हो चुका है। 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजय नगर स्थित उनके पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान घर के गेट और दीवार पर आपत्तिजनक नारे लिखे गए थे। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद आगरा स्थित आवास की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।

SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्षी दल लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। 7 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी, जिसके बाद कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। लगातार हो रहे प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था का नया आकलन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *