KNEWS DESK- प्रेमानंद महाराज के आश्रम से गायब हुए दो शिष्यों की बरामदगी हो गई है। कासगंज के मयंक चौहान को प्रयागराज के दारागंज इलाके से पुलिस ने सकुशल बरामद किया, जबकि सादाबाद के अनुज चौधरी को बरसाना के लाड़ली दास आश्रम से बरामद किया गया। दोनों बच्चों के परिजन उनकी तलाश को लेकर आश्रम के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे।
मयंक चौहान के पिता चंद्रपाल सिंह के मुताबिक, दारागंज थाने से रात करीब 1:30 बजे उन्हें फोन आया और बताया गया कि मयंक पुलिस कस्टडी में है। इसके बाद उन्होंने वीडियो कॉल पर बेटे से बात की। पुलिस के मुताबिक, मयंक को उसके रिश्तेदारों को सौंप दिया गया। मयंक के पिता ने बताया कि उनका बेटा सफेद रंग का साधु वेश पहने हुए था। उसके माथे पर मिट्टी का लेपन और गले में राधा नाम की कंठी थी।
बेटे की पहचान होने के बाद मयंक के पिता ने प्रयागराज के नैनी में रहने वाले उसके मामा को सूचना दी। इसके बाद मामा दारागंज थाने पहुंचे और पुलिस से मयंक की कस्टडी ले ली। मयंक के परिजन उसे लेने के लिए प्रयागराज रवाना हो गए थे। वहीं, अनुज चौधरी को मथुरा पुलिस के सहयोग से बरसाना के लाड़ली दास आश्रम से बरामद किया गया। सादाबाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई और कोर्ट में पेश किया।
दोनों बच्चों के मिलने के बाद उनके परिवारों को राहत मिली है। आश्रम से शिष्यों के गायब होने के बाद दोनों परिवार बच्चों की तलाश को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। अब दोनों की बरामदगी के बाद यह मामला शांत होने की उम्मीद है।