KNEWS DESK- कॉकरोच जनता पार्टी के को-कन्वीनर आशुतोष रंका ने मंगलवार को बेंगलुरु में ‘चप्पल प्रोटेस्ट’ करने का ऐलान किया। पार्टी के मुताबिक, यह विरोध प्रदर्शन गुरुवार, 8 अक्टूबर को फ्रीडम पार्क में आयोजित किया जाएगा।
प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIR) को लेकर ‘पीपल्स ट्रिब्यूनल’ यानी जन-अदालत आयोजित करेगी। आशुतोष रंका ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि कार्यक्रम सुबह 10.30 बजे शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन कन्नड़ लोगों से बातचीत की जाएगी, जिनके नाम कथित तौर पर गलत तरीके से वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। रंका ने बताया कि पीपल्स ट्रिब्यूनल के बाद महिलाओं के समर्थन में ‘चप्पल विरोध प्रदर्शन’ किया जाएगा। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की।
पार्टी के इस कार्यक्रम में CJP फाउंडर अभिजीत दीपके, प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रंका के अलावा एक्टर प्रकाश राज तथा युवा और सिविल सोसाइटी संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गई है।
प्रकाश राज ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर कहा कि पीपल्स ट्रिब्यूनल में राज्यभर से SIR के कथित पीड़ित शामिल होंगे। उन्होंने नागरिकों से लोकतंत्र को बचाने की इस लड़ाई में हिस्सा लेने और 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क पहुंचने की अपील की।