Knews Desk- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर 7 अक्टूबर 2026 को उन्होंने नई दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और देशवासियों की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और देश की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि उन्होंने नई दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान गणेश से देशभर के लोगों की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पीएम ने कहा कि विघ्नहर्ता की कृपा से सबका कल्याण हो और देश निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।
पीएम मोदी का सरकार के प्रमुख के रूप में सफर 7 अक्टूबर 2001 को शुरू हुआ था, जब उन्होंने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद वह लगातार तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। साल 2014 से वह लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं। पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर बीजेपी नेताओं ने उन्हें बधाई दी। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए इसे राष्ट्र प्रथम की भावना, जनसेवा और सुशासन की 25 साल की यात्रा बताया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ को जीवन का ध्येय मानकर देश की अस्मिता, स्वाभिमान और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए काम किया है।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी प्रधानमंत्री को 25 साल पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं।