312 घंटे की दहशत… अजमेर में 13 दिन तक बंद कमरे में रही मुरादाबाद की युवती, अरबाज खान गिरफ्तार

मुरादाबाद की युवती को शादी का झांसा देकर अजमेर ले जाने और वहां 13 दिनों तक बंधक बनाकर रेप करने का आरोप है। युवती के घर लौटने के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी अरबाज खान को गिरफ्तार कर लिया है।

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक युवती ने पुलिस को अपनी आपबीती बताते हुए अजमेर में उसके साथ हुई कथित दरिंदगी की शिकायत की है। आरोप है कि चित्तुपुर (चतुपुरा) निवासी अरबाज खान शादी का सपना दिखाकर युवती को अपने साथ मुरादाबाद से अजमेर ले गया। वहां उसे एक कमरे में करीब 13 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और इस दौरान उसके साथ लगातार रेप किया गया।

युवती के मुताबिक, जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता था। अनजान शहर में बंद कमरे में कई दिनों तक कैद रहने के कारण वह बेहद डरी हुई थी।

बताया गया है कि युवती के अचानक लापता होने के बाद उसके परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। परिवार ने कई स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी उसे अजमेर ले गया और वहां एक कमरे में रखा।

करीब 13 दिन बाद आरोपी कथित तौर पर युवती को उसके गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद डरी-सहमी युवती किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताया। परिवार ने इसके बाद पाकबड़ा थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में पाकबड़ा थाना पुलिस ने जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार की टीम ने युवती की शिकायत और उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपी अरबाज खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 351(3), 115(2), 352 और 127(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अरबाज खान को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती को अजमेर कैसे ले जाया गया और वहां उसे किस स्थान पर रखा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *