रामनगर में देर रात एक तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी और इसके बाद तेलीपुरा क्षेत्र में बुजुर्ग के निधन पर घर के बाहर शोक मना रहे परिवार के पांच लोगों को कुचल दिया। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Knews Desk– उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में देर रात तेज रफ्तार कार के चलते बड़ा सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि एक युवक अपने दोस्त की स्विफ्ट डिजायर कार लेकर निकला था। रामनगर-रानीखेत रोड पर कार ने पहले एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद चालक कार को तेज रफ्तार में तेलीपुरा क्षेत्र की ओर ले गया, जहां एक परिवार के घर के बाहर शोक में बैठे लोगों को कार ने अपनी चपेट में ले लिया।
यह परिवार बुजुर्ग के इंतकाल के बाद घर के बाहर शोक में बैठा था। इसी दौरान बेकाबू कार वहां पहुंची और पांच लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने के चलते उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे में घायल एक युवक ने बताया कि परिवार के लोग बाबूजी के इंतकाल के बाद घर के बाहर शोक में बैठे थे। अचानक करीब 80-90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कार वहां पहुंची। युवक के मुताबिक, कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद वहां बैठे लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
घायल युवक ने बताया कि हादसे में पांच भाई घायल हुए हैं। इनमें तीन लोग मौके पर हैं, जबकि एक घायल काशीपुर के अस्पताल और दूसरा रामनगर सरकारी अस्पताल में भर्ती है। हादसे में तीन बाइकें कार की टक्कर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा एक अन्य कार को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय कार चालक नशे में था या नहीं और कार की वास्तविक रफ्तार कितनी थी। एक ही कार से लगातार दो जगह हुए हादसों के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।