सलमान खान की अगली एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘मॉन्स्टर’ में कोरियन एक्शन कोरियोग्राफी और दो दमदार विलेन दर्शकों के लिए बड़ा सरप्राइज साबित हो सकते हैं। फिल्म में नयनतारा फीमेल लीड के तौर पर नजर आएंगी, जबकि अरविंद स्वामी और अभिमन्यु सिंह की भूमिकाओं को लेकर चर्चा तेज है।
Knews Desk – बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के फैन्स के लिए उनकी आने वाली फिल्मों को लेकर दो बड़ी खबरें सामने आ रही हैं। एक तरफ उनकी देशभक्ति पर आधारित फिल्म ‘मातृभूमि’ की रिलीज का रास्ता साफ होने की खबर है, तो दूसरी तरफ उनकी अगली एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘मॉन्स्टर’ की शूटिंग जारी है। वामसी पेडिपल्ली के निर्देशन और दिल राजू के प्रोडक्शन में बन रही इस फिल्म के टाइटल पर फिलहाल चर्चा की जा रही है। फिल्म में सलमान खान के अपोजिट लेडी सुपरस्टार नयनतारा फीमेल लीड के रूप में नजर आएंगी। अब इस बड़े प्रोजेक्ट में एक्शन और विलेन को लेकर नए अपडेट सामने आ रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘मॉन्स्टर’ में इस बार एक्शन का स्तर काफी अलग और इंटरनेशनल होने वाला है। सलमान खान कोरियन एक्शन कोरियोग्राफी टीम के साथ मिलकर मुश्किल और रॉ एक्शन सीन्स की शूटिंग कर रहे हैं। मेकर्स फिल्म में ओवर-द-टॉप वीएफएक्स के बजाय रियलिस्टिक और दमदार एक्शन दिखाने पर जोर दे रहे हैं। फिल्म में कई हाई-इम्पैक्ट एक्शन सीक्वेंस होने की चर्चा है, जिनमें सलमान खान अहम भूमिका में नजर आएंगे।
क्या फिल्म में दो विलेन्स से भिड़ेंगे सलमान?
‘मॉन्स्टर’ में सलमान खान का मुकाबला एक नहीं, बल्कि दो दमदार विलेन्स से होने की चर्चा है। कुछ समय पहले साउथ सिनेमा के अभिनेता अरविंद स्वामी की फिल्म में एंट्री की खबर सामने आई थी। अब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वह फिल्म में विलेन की भूमिका निभाते हुए सलमान खान को कड़ी टक्कर दे सकते हैं।
https://www.instagram.com/p/Da5NIG_EyHf/?
वहीं, बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में अपने खलनायक किरदारों के लिए पहचान बनाने वाले अभिनेता अभिमन्यु सिंह की एंट्री की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि वह फिल्म में अहम भूमिका निभाएंगे। ऐसे में सलमान खान, अरविंद स्वामी और अभिमन्यु सिंह के बीच टकराव फिल्म के एक्शन को और दिलचस्प बना सकता है। हालांकि, इन भूमिकाओं और कहानी से जुड़ी सभी जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
‘मातृभूमि’ के बाद ईद 2027 पर मचेगा गदर
सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर हाल ही में आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि फिल्म को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से एनओसी मिल चुकी है। इसके बाद फिल्म की रिलीज को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। खबरों के मुताबिक, सलमान खान नवंबर में इसकी रिलीज की योजना बना रहे हैं, हालांकि अभी तक रिलीज की तारीख फाइनल नहीं हुई है।
वहीं, ‘मातृभूमि’ के बाद मेकर्स ‘मॉन्स्टर’ को ईद 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी में जुटे होने की चर्चा है। कोरियन एक्शन टीम के साथ तैयार किए जा रहे एक्शन सीक्वेंस और दो दमदार विलेन की खबरों ने फैन्स की उत्सुकता बढ़ा दी है। अगर ये रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो ईद 2027 पर सलमान खान की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा मुकाबला पेश कर सकती है।