अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद के बीच नीतीश कुमार ने की ललन सिंह से मुलाकात

सुलह की कोशिश, ललन सिंह ने अनंत सिंह से सार्वजनिक बयानबाजी से बचने को कहा

Knews Desk– बिहार में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच बढ़ते राजनीतिक विवाद के बीच पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक ललन सिंह के आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात में विवाद को सुलझाने की कोशिश पर चर्चा हुई। ललन सिंह को अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच सुलह कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

मुलाकात के बाद ललन सिंह ने अनंत सिंह से बातचीत की और उन्हें सार्वजनिक तौर पर बयानबाजी नहीं करने के लिए मनाने की कोशिश की। हालांकि, अनंत सिंह अपने रुख पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि जिसने उनका विरोध किया, वह उसके लिए वोट नहीं मांगेंगे। नीरज कुमार के खिलाफ उनका अभियान जारी रहने की बात भी सामने आई है।

ललन सिंह ने अनंत सिंह के समर्थन में उनके मुद्दों और पार्टी से जुड़ी शिकायतों का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अगर कोई क्रिया होगी तो उसकी प्रतिक्रिया भी होगी। ललन सिंह ने कहा कि ताली एक हाथ से नहीं बजती। उनके मुताबिक, विधानसभा चुनाव के समय अनंत सिंह का विरोध हुआ था, लेकिन उस समय पार्टी ने मामले को नहीं सुलझाया और प्रदेश नेतृत्व से चूक हुई।

दरअसल, पटना स्नातक MLC चुनाव में JDU ने नीरज कुमार को फिर टिकट दिया है। अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं और जन सुराज पार्टी के अनुज कुमार सिंह का खुला समर्थन कर रहे हैं। दोनों के बीच सार्वजनिक आरोप-प्रत्यारोप, बहस की चुनौती और 20 करोड़ रुपये की शर्त तक का मामला सामने आ चुका है।

अनंत सिंह 2019 में अपने पैतृक घर लदमा से AK-47, कारतूस और हैंड ग्रेनेड बरामद होने के मामले में आरोपी रहे। निचली अदालत से सजा के बाद अगस्त 2024 में पटना हाईकोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया था। अनंत सिंह आरोप लगाते हैं कि हथियार नीरज कुमार की साजिश से प्लांट किए गए थे, जबकि नीरज इन आरोपों से इनकार करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *