Knews Desk– फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र के उर्मुरा में टायर से तेल निकालने वाली फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटों के साथ आसमान में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाल लिया। फैक्टरी परिसर में बड़ी संख्या में टायर रखे होने के कारण आग तेजी से फैलने के साथ धुआं भी काफी तेजी से उठ रहा है। इसके चलते दमकल कर्मियों को आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आग को दूसरे हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से फैक्टरी परिसर में रखे टायरों को हटाया जा रहा है। इसका उद्देश्य फायर ब्रिगेड की टीम को आग के मुख्य स्थान तक पहुंचने में मदद करना है, ताकि आग पर प्रभावी ढंग से काबू पाया जा सके। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। आग और धुएं को देखकर इलाके में लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आग से फैक्टरी में कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं। अग्निशमन विभाग के क्षेत्र अधिकारी सत्येंद्र कुमार पांडे ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की टीमें मौके पर लगातार काम कर रही हैं।